अर्की
हिमाचल प्रदेश के भूमती में रह रहे बिहार के प्रवासी मजदूरों ने लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को बड़े उत्साह, श्रद्धा और धूमधाम से मनाया। इस अवसर पर बिहार की सांस्कृतिक परंपरा और धार्मिक आस्था की सुंदर झलक देखने को मिली।
बिहार के मिस्त्री दिनेश राम, विनोद, सुनील, राजेश सहित अन्य प्रवासी मजदूरों ने बताया कि छठ पूजा उनके लिए केवल एक धार्मिक अनुष्ठान ही नहीं, बल्कि आस्था, परंपरा और पारिवारिक भावनाओं से जुड़ा महापर्व है। इस कठिन व्रत को वे पूरी श्रद्धा और विश्वास के साथ करते हैं। मान्यता है कि छठी मैया और सूर्य देव की आराधना करने से मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं तथा परिवार में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली आती है।
चार दिनों तक चलने वाले इस महापर्व में नहाय-खाय, खरना, अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य तथा उगते सूर्य को अर्घ्य देने की विशेष परंपरा निभाई जाती है। व्रती महिलाएं एवं पुरुष निर्जला व्रत रखकर सूर्य देव और छठी मैया की पूजा-अर्चना करते हैं।
भूमती में छठ पूजा के आयोजन ने यह संदेश दिया कि रोजगार के लिए घर-परिवार से दूर रहने के बावजूद प्रवासी मजदूर अपनी संस्कृति, परंपरा और धार्मिक आस्था को पूरी मजबूती से संजोए हुए हैं। छठ महापर्व सामाजिक एकता, भाईचारे, प्रकृति के प्रति सम्मान और लोक संस्कृति का अद्भुत प्रतीक है।






