शहनाज़ भाटिया
देश और प्रदेश के वास्तविक विकास की नींव गांवों में रखी जाती है। जब तक गांवों, किसानों और ग्रामीण क्षेत्रों का समुचित विकास नहीं होगा, तब तक प्रदेश को प्रगति के पथ पर आगे ले जाना संभव नहीं है। यह बात डॉ. रचना गुप्ता ने विकास खंड नालागढ़ की ग्राम पंचायत लौहारघाट में परिवर्तन संस्था द्वारा आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि शिरकत करते हुए कही।
डॉ. रचना गुप्ता ने कहा कि गांवों के विकास के लिए बीज से लेकर बाजार तक और पानी से लेकर बिजली तक की मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करना बेहद जरूरी है। ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के साथ-साथ उनकी समस्याओं का समाधान करना भी प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश के हर घर और हर खेत तक बिजली पहुंचाने के
प्रयासों के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में नए संस्थान खोलने की दिशा में भी गंभीरता से काम किया जाना चाहिए, ताकि स्थानीय स्तर पर विकास के नए अवसर पैदा हो सकें।
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोगों ने भी अपने विचार साझा किए। गगनदीप ने कहा कि यह पहली बार है जब कोई व्यक्ति इस तरह की महत्वपूर्ण जानकारी देने के लिए पंचायत स्तर तक पहुंचा है। उन्होंने कहा कि यदि इस प्रकार की जानकारी और मार्गदर्शन पहले मिल जाता तो ग्रामीण भी समय रहते इस दिशा में प्रयास कर सकते थे और आज क्षेत्र की स्थिति कुछ अलग होती।
इस अवसर पर स्थानीय निवासी प्रेम चंद शर्मा ने डॉ. रचना गुप्ता का विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने परिवर्तन संस्था से भविष्य में भी इस तरह के जागरूकता एवं जानकारीपरक कार्यक्रम आयोजित करने का आग्रह किया, ताकि ग्रामीणों को विभिन्न योजनाओं और विकास के अवसरों की जानकारी मिल सके।
कार्यक्रम में क्षेत्र के कई वरिष्ठ नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और बुद्धिजीवियों ने भाग लिया। इनमें पूर्व प्रधान बाबू राम पंवर, पूर्व बीडीसी सदस्य गीता राम वर्मा, दो बार प्रधान रह चुके रघु राम पराशर, पूर्व प्रधान राजेश महाजन, नरेश चौधरी, मलौण पंचायत के प्रधान हरि कृष्ण ठाकुर तथा मां दुर्गा स्वयं सहायता समूह की अध्यक्ष प्रोमिला सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।






