अर्की, शहनाज़ भाटिया
अर्की के ऐतिहासिक चौगान में आयोजित रामलीला के दौरान युवाओं ने सेवा और सहयोग की मिसाल पेश करते हुए दूसरी बार जलेबियों का भंडारा लगाया। इस पहल के तहत तरुण गुप्ता, नुजू गुप्ता, कमल और योगेश शर्मा ने मिलकर भंडारे का आयोजन किया और रामलीला देखने पहुंचे श्रद्धालुओं को जलेबियां वितरित कीं।
गौरतलब है कि वर्ष 2025 में तरुण गुप्ता और नुजू गुप्ता ने रामलीला के दौरान जलेबियों का भंडारा लगाने की शुरुआत की थी। युवाओं की इस पहल को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी भंडारे का आयोजन किया गया। खास बात यह रही कि इस बार अन्य लोगों ने भी इसमें अपना सहयोग दिया, जिससे यह प्रयास सामूहिक सहभागिता का उदाहरण बन गया।
तरुण गुप्ता और नुजू गुप्ता ने बताया कि पिछले वर्ष शुरू की गई इस पहल को आगे बढ़ाते हुए इस बार भी भंडारा लगाया गया है। उन्होंने कहा कि इस बार अन्य लोगों का सहयोग भी मिला, जो उनके लिए उत्साहजनक है।
युवाओं की इस पहल से जहां रामलीला के दौरान श्रद्धालुओं को प्रसाद के रूप में जलेबियां वितरित की गईं, वहीं क्षेत्र में आपसी सहयोग, सेवा भावना और सामाजिक एकजुटता का संदेश भी दिया गया।






