अर्की
अर्की बाजार में खाद्य विभाग की टीम ने होटलों और ढाबों का औचक निरीक्षण कर घरेलू गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक इस्तेमाल पर कार्रवाई की। इस दौरान करीब आठ प्रतिष्ठानों की जांच की गई, जिसमें एक होटल में घरेलू गैस सिलेंडर का उपयोग पाए जाने पर उसे जब्त कर लिया गया।
खाद्य विभाग के इंस्पेक्टर रामस्वरूप शर्मा की अगुवाई में हुई इस कार्रवाई के दौरान जब्त सिलेंडर को गैस गोदाम अर्की के सुपुर्द किया गया। निरीक्षण के दौरान टीम ने होटल और ढाबा संचालकों को नियमों के अनुसार व्यावसायिक गैस सिलेंडरों का ही इस्तेमाल करने के निर्देश दिए।
विभागीय टीम ने स्पष्ट किया कि व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में घरेलू गैस सिलेंडरों का उपयोग नियमों के अनुरूप नहीं है। साथ ही संचालकों से नियमों की पालना सुनिश्चित करने और भविष्य में इस तरह की अनियमितता से बचने का आग्रह किया गया।
खाद्य विभाग की इस कार्रवाई का उद्देश्य बाजार में होटल और ढाबों में घरेलू गैस सिलेंडरों के इस्तेमाल पर रोक लगाना तथा नियमों का पालन सुनिश्चित करना है।






