दाड़लाघाट। उपमंडल अर्की के अंतर्गत दाड़लाघाट क्षेत्र के विभिन्न गांवों में लंपी जैसी बीमारी का असर अभी भी देखने को मिल रहा है। हालांकि पिछले कुछ दिनों के मुकाबले बीमारी के मामलों में कुछ कमी आई है, लेकिन पशुओं के इसकी चपेट में आने का सिलसिला जारी है। इस बीमारी के कारण कई पशुपालकों को
अपने दुधारू पशु गंवाने पड़े हैं। ग्राम पंचायत दाड़लाघाट के गांव नौणी निवासी कुलदीप ठाकुर और उनके पड़ोसी रामलाल की गाय की मौत हो गई। वहीं, नंदलाल नौणी की गाय ने भी दम तोड़ दिया। इसके अलावा गांव गवाह में मनसा राम और प्यारे लाल की गाय की भी मृत्यु हो गई। स्थानीय लोगों के अनुसार, पिछले कुछ दिनों में क्षेत्र के कई गांवों में इस बीमारी के मामले सामने आए, जिससे पशुपालकों को अपने पशुओं की देखभाल और उपचार के लिए काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। कई पशु बीमारी से जूझ रहे हैं, जबकि कुछ पशुपालकों को अपने पशु खोने से आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ा है। पशुपालक जयदेव ठाकुर, प्रदीप, प्रेम केशव, बाबू राम, रामलाल, जय चंद, भीमचंद, धर्म सिंह, धर्मपाल, रमेश चंद, नंदलाल, हरीश, मनोहर लाल, नथु राम, रमेश और हरीकृष्ण सहित अन्य लोगों ने कहा कि बीमारी के कारण पशुपालकों की चिंता बढ़ गई है। उन्होंने प्रशासन और प्रदेश सरकार से मांग की है कि प्रभावित गांवों में पशुपालन विभाग की टीमें भेजकर बीमार पशुओं का उचित उपचार करवाया जाए तथा बीमारी की रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं। उधर, वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी अर्की डॉ. देवराज शर्मा ने बताया कि अर्की उपमंडल में एलएसडी (लंपी स्किन डिजीज) का टीकाकरण पूरा किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में बीमारी नियंत्रण में है। उन्होंने पशुपालकों से आग्रह किया कि वे एहतियात बरतें और पशुओं की साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें। किसी भी पशु में बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत पशुपालन विभाग से संपर्क कर उसका उपचार करवाएं।






