अर्की। विद्युत उपमंडल अर्की के अंतर्गत आने वाले विभिन्न क्षेत्रों में विद्युत लाइनों की आवश्यक मरम्मत तथा लाइनों के आसपास पेड़ों की टहनियों और झाड़ियों की कटाई के चलते अलग-अलग तिथियों में बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। इस संबंध में विद्युत उपमंडल अर्की की ओर से 17 नवंबर को प्रेस सूचना जारी कर उपभोक्ताओं को इसकी जानकारी दी गई है।
विद्युत विभाग द्वारा जारी शेड्यूल के अनुसार 11 केवी डूमहर फीडर के अंतर्गत 27 नवंबर को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक बिजली बंद रहेगी। इस दौरान डूमहर सेक्शन के अंतर्गत आने वाले पपलोटा, स्यारी, देवरा, जमना, कोट, सुन्नी, जधाना तथा विद्युत उपमंडल भूमती के बलैरा, जयनगर, भूमती सेक्शन सहित आसपास के गांव प्रभावित रहेंगे।
इसी प्रकार 11 केवी रेहटा फीडर के अंतर्गत 19 और 23 नवंबर को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक विद्युत आपूर्ति बंद रहेगी। इस दौरान बणिया देवी, दिदु, मोहल, शेरपुर, बेठनी, बापड़ोन, बांवा तथा आसपास के क्षेत्रों में बिजली बाधित रहेगी।
वहीं, 33 केवी अर्की फीडर के अंतर्गत 19, 23, 27 और 28 नवंबर को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक बिजली आपूर्ति बंद रखी जाएगी। इसके चलते अर्की, बातल, मंज्याट, मांजू, बथालंग, गलोग, शालाघाट, कोलका, गलोथ, घुमारी, दधोगी तथा आसपास के क्षेत्र प्रभावित होंगे।
विद्युत विभाग के अनुसार निर्धारित समय के दौरान मरम्मत कार्य और पेड़ों की टहनियों की कटाई की जाएगी। यदि किसी कारणवश निर्धारित दिन कार्य पूरा नहीं हो पाता है तो उसे अगले दिन पूरा किया जाएगा। विद्युत उपमंडल अर्की के सहायक अभियंता ई. नीरज कुमार कतना ने आम जनता से अपील की है कि वे निर्धारित शेड्यूल के अनुसार सहयोग करें, ताकि विद्युत लाइनों की मरम्मत का कार्य सुचारू रूप से पूरा किया जा सके।






