कुनिहार
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कुनिहार (CBSE), जिला सोलन के तीन प्रतिभाशाली खिलाड़ियों सुन्नी कुमार, अमन ठाकुर एवं धीरज का चयन राष्ट्रीय स्कूल खेल प्रतियोगिता के लिए हिमाचल प्रदेश की टीम में हुआ है। तीनों खिलाड़ी 12 से 17 नवंबर तक छतरपुर (मध्य प्रदेश) में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे।
बिलासपुर में 31 अक्टूबर से 1 नवंबर तक आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जिला सोलन की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए उपविजेता ट्रॉफी अपने नाम की। टीम में शामिल आठ खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन किया। विद्यालय के PET सुरेश कुमार ने बतौर कोच खिलाड़ियों का मार्गदर्शन किया।
राष्ट्रीय प्रतियोगिता से पहले चयनित खिलाड़ी 5 से 7 नवंबर तक मलोटी, जिला हमीरपुर में आयोजित प्रशिक्षण शिविर में हिस्सा लेंगे।
विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रताप सिंह रणौत, SMC पदाधिकारियों एवं समस्त स्टाफ ने खिलाड़ियों और कोच सुरेश कुमार को इस उपलब्धि पर बधाई दी। प्रधानाचार्य ने DSSA सोलन तथा ADPO मोहिंदर ठाकुर के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि खेल प्रतिभाओं को राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने में इनका महत्वपूर्ण योगदान है।
उन्होंने विश्वास जताया कि तीनों खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर भी बेहतर प्रदर्शन कर प्रदेश और जिला सोलन का नाम रोशन करेंगे। प्रतियोगिता से लौटने पर विद्यालय में खिलाड़ियों एवं कोच का सम्मानपूर्वक अभिनंदन किया जाएगा।
तीन खिलाड़ियों का राष्ट्रीय स्तर पर चयन विद्यालय ही नहीं, बल्कि पूरे कुनिहार क्षेत्र के लिए गर्व और गौरव का विषय है।






