दाड़लाघाट में भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ की बैठक में सरकार के प्रति जताया रोष, सभी यूनिटों से कम से कम पांच-पांच सदस्यों को पहुंचने का आह्वान
भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ जिला सोलन की दाड़लाघाट इकाई की मासिक बैठक मंगलवार, 3 नवंबर को शिव मंदिर दरलाघाट में यूनिट अध्यक्ष मनोज शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में महासंघ के जिलाध्यक्ष बाबू राम ठाकुर विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक में पेंशनर्स की लंबित मांगों और महंगाई राहत की बकाया किस्तों को जारी करने में हो रही देरी को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में प्रदेश सरकार द्वारा पेंशनर्स को 5 प्रतिशत महंगाई राहत जारी करने पर सरकार का आभार व्यक्त किया गया। इसमें 1 जुलाई 2023 से देय 1 प्रतिशत और 1 जनवरी 2024 से देय 4 प्रतिशत महंगाई राहत शामिल है। हालांकि, महासंघ ने इस राहत की किस्तें जारी करने के बावजूद इनके एरियर का भुगतान नहीं किए जाने पर गहरा रोष जताया। सदस्यों ने कहा कि पहले जारी की गई 11 प्रतिशत महंगाई राहत का 63 माह का एरियर और बाद की किस्तों का बकाया भुगतान भी अब तक नहीं हुआ है। दिवाली जैसे प्रमुख त्योहार के अवसर पर भी पेंशनर्स को उनका हक नहीं मिलने पर बैठक में नाराजगी व्यक्त की गई तथा सरकार से शीघ्र भुगतान की मांग की गई।
महासंघ ने तृतीय श्रेणी के पेंशनर्स का 15 प्रतिशत तथा प्रथम एवं द्वितीय श्रेणी के पेंशनर्स का 70 प्रतिशत बकाया पेंशन एरियर जारी करने की मांग भी उठाई। इसके अलावा 1 जनवरी 2016 से 31 जनवरी 2022 के बीच सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों के लीव इनकैशमेंट, ग्रेच्युटी, कम्यूटेशन और अन्य सेवानिवृत्ति लाभ जल्द जारी करने का आग्रह किया गया।
बैठक में कहा गया कि केंद्र सरकार ने 1 जुलाई 2026 से 3 प्रतिशत महंगाई राहत एवं महंगाई भत्ता जारी कर दिया है, जिसके चलते हिमाचल प्रदेश के पेंशनर्स और कर्मचारियों की 13 प्रतिशत महंगाई राहत बकाया हो गई है। महासंघ ने प्रदेश सरकार से इसे भी तुरंत जारी करने की मांग की।
बैठक में हिमाचल प्रदेश पेंशनर्स संयुक्त संघर्ष समिति के आह्वान पर 13 नवंबर 2026 को जिला मुख्यालय सोलन में उपायुक्त कार्यालय परिसर में सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक धरना-प्रदर्शन एवं अनशन में भाग लेने का निर्णय लिया गया। इस संबंध में जिला सोलन की सभी यूनिटों से आह्वान किया गया कि प्रत्येक यूनिट से कम से कम पांच-पांच सदस्य इस प्रदर्शन में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें, ताकि पेंशनर्स की लंबित मांगों को सरकार के समक्ष मजबूती से उठाया जा सके।
बैठक में जगदीश गर्ग, मदन लाल, नंद लाल, गिरधारी लाल, चेट राम, राजेश्वर सिंह, मुख्तयार सिंह, मस्त राम, हंस राज सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।






