शहनाज़ भाटिया
पत्रकारों की लंबे समय से लंबित मांगों और प्रदेश सरकार की उदासीनता के विरोध में बाघल प्रेस क्लब अर्की ने इस वर्ष राष्ट्रीय प्रेस दिवस नहीं मनाने का निर्णय लिया है। क्लब का मानना है कि पत्रकार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा से कर रहे हैं, लेकिन उनके हितों और सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर सरकार की ओर से अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखाई जा रही है।
बाघल प्रेस क्लब के अध्यक्ष अजय गुप्ता ने कहा कि पत्रकार समाज की समस्याओं को सरकार और प्रशासन तक पहुंचाने के साथ-साथ जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हैं। इसके बावजूद पत्रकारों की सुरक्षा, सामाजिक सुरक्षा और आर्थिक हितों से जुड़े विषय लंबे समय से लंबित हैं। उन्होंने कहा कि पत्रकारों के लिए पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करना समय की आवश्यकता है, ताकि समाचार संकलन के दौरान उन्हें किसी प्रकार के दबाव अथवा असुरक्षा का सामना न करना पड़े।
उन्होंने प्रदेश सरकार से पत्रकार कल्याण बोर्ड का गठन करने तथा पत्रकारों और उनके परिवारों के लिए 25 लाख रुपये के स्वास्थ्य बीमा की सुविधा उपलब्ध करवाने की भी मांग की। क्लब का कहना है कि पत्रकारों के हितों से जुड़ी इन मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेने के बजाय लगातार अनदेखी की जा रही है।
अजय गुप्ता ने कहा कि राष्ट्रीय प्रेस दिवस पत्रकारिता के मूल्यों, स्वतंत्रता और जिम्मेदारियों को याद करने का महत्वपूर्ण अवसर है, लेकिन पत्रकारों की मूलभूत समस्याएं अनसुलझी रहने के कारण क्लब ने विरोधस्वरूप इस दिवस को औपचारिक रूप से नहीं मनाने का निर्णय लिया है। उन्होंने प्रदेश सरकार से पत्रकारों की मांगों पर गंभीरता से विचार कर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने का आग्रह किया।
इस अवसर पर क्लब के संरक्षक सुरेंद्र शर्मा, उपाध्यक्ष कृष्ण रघुवंशी, सचिव योगेश शर्मा, कोषाध्यक्ष योगेश चौहान तथा सदस्य शहनाज भाटिया, राकेश कुमार, विनोद शर्मा और नीरज गुप्ता शामिल रहे ।






