दाड़लाघाट। सरकार द्वारा व्यावसायिक वाहनों में स्पीड लिमिट डिवाइस (स्पीड गवर्नर) लगाने के निर्देशों को लेकर जिला सोलन ट्रांसपोर्ट ट्रक ऑपरेटर सोसाइटी दाड़लाघाट (एसडीटीओ) के प्रधान राम कृष्ण बंसल तथा अंबुजा दाड़ला कशलोग मांगू परिवहन सभा (एडीकेएम) दाड़लाघाट के प्रधान वेद प्रकाश शुक्ला की अध्यक्षता में ट्रक ऑपरेटरों का एक प्रतिनिधिमंडल अर्की के विधायक संजय अवस्थी से मिला। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने स्पीड लिमिट डिवाइस लगाने में आ रही विभिन्न परेशानियों से विधायक को अवगत करवाया। प्रतिनिधिमंडल ने विधायक को लिखित मांग पत्र
सौंपकर आग्रह किया कि स्पीड लिमिट डिवाइस लगाने की प्रक्रिया को एकदम से लागू करना संभव नहीं है। इसके लिए ट्रक ऑपरेटरों को पर्याप्त समय की आवश्यकता है। उन्होंने विधायक से प्रदेश सरकार के समक्ष मामला उठाकर इस व्यवस्था को लागू करने के लिए कम से कम छह महीने का अतिरिक्त समय दिलवाने की मांग की। इस मौके पर अरुण शुक्ला, जगदीश शर्मा, पंकज जगोता, विजय राठौर, तिलक गौतम, चंद्र प्रकाश पाल, शंकर लाल अरोड़ा, बाबू मोहन सिंह सहित अन्य ट्रांसपोर्टर मौजूद रहे।






