शहनाज़ भाटिया
महिला सशक्तिकरण और राजनीति में महिलाओं की भागीदारी को लेकर आवाज बुलंद करने वाली भारतीय जनता पार्टी क्या वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में अर्की से किसी महिला प्रत्याशी को चुनावी मैदान में उतारेगी? यह सवाल इन दिनों अर्की क्षेत्र के राजनीतिक गलियारों से लेकर आमजन के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। भाजपा की ओर से महिला नेतृत्व को आगे बढ़ाने की बात के बीच क्षेत्र में चार महिला नेत्रियों के नाम टिकट की दावेदारी को लेकर चर्चा में हैं। ऐसे में देखना दिलचस्प होगा कि पार्टी महिला सशक्तिकरण के अपने नारे को टिकट वितरण में कितनी अहमियत देती है।
अर्की विधानसभा क्षेत्र में जिन महिला नेत्रियों के नाम चर्चा में हैं, उनमें आशा परिहार, प्रतिभा कंवर और डॉ. रचना गुप्ता प्रमुख हैं। इनके अलावा एक अन्य महिला नेत्री का नाम भी राजनीतिक चर्चाओं में सामने आ रहा है। हालांकि अभी तक पार्टी की ओर से किसी भी नाम पर आधिकारिक मुहर नहीं लगी है, लेकिन इन संभावित दावेदारों की सक्रियता ने राजनीतिक चर्चाओं को जरूर तेज कर दिया है।
आशा परिहार : राजनीतिक विरासत और जनप्रतिनिधि के रूप में अनुभव
आशा परिहार अर्की क्षेत्र के डुमैहर की निवासी हैं। वह पूर्व लोक निर्माण मंत्री स्वर्गीय नगीन चंद पाल की पुत्री हैं और लंबे समय से भाजपा से जुड़ी रही हैं। वर्तमान में वह डुमैहर वार्ड से जिला परिषद सदस्य हैं। जून 2026 में वह तीसरी बार चुनाव जीतकर जिला परिषद सदस्य निर्वाचित हुईं। इससे पहले भी वर्ष 2021 में उन्होंने इस वार्ड से जीत दर्ज की थी। वर्ष 2026 के जिला परिषद चुनाव में भाजपा ने उन्हें अपना समर्थित उम्मीदवार घोषित किया था।
आशा परिहार वर्ष 2012 में विधानसभा चुनाव भी निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में लड़ चुकी हैं। क्षेत्र की पंचायतों में विकास कार्यों, बुनियादी सुविधाओं और जिला परिषद निधि के आवंटन को लेकर उनकी सक्रियता बनी रहती है। इसके साथ ही वह सामाजिक और खेल गतिविधियों में भाग लेकर युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करती रही हैं। राजनीतिक अनुभव और क्षेत्र में जनसंपर्क उनकी दावेदारी के प्रमुख आधार माने जा रहे हैं।
प्रतिभा कंवर : संगठन में मजबूत पकड़ और महिला मोर्चा की जिम्मेदारी
कुनिहार निवासी प्रतिभा कंवर भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष हैं। संगठन में उनकी सक्रियता लगातार बढ़ी है। अक्टूबर 2025 में गठित प्रदेश कार्यकारिणी में उन्हें प्रदेश उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। इससे पहले वह सितंबर 2023 में महिला मोर्चा की प्रदेश सचिव और मई 2022 में प्रदेश प्रवक्ता के रूप में भी कार्य कर चुकी हैं।
नवंबर 2026 में संगठनात्मक विस्तार के तहत उन्हें बिलासपुर जिले का प्रभारी भी नियुक्त किया गया है। अर्की मंडल और सोलन जिले में बूथ स्तर के अभियानों, पार्टी बैठकों और जनसंपर्क कार्यक्रमों में उनकी सक्रिय भागीदारी रही है। इसके अलावा वह एक गैर सरकारी संस्था के माध्यम से भी सामाजिक गतिविधियों में जुड़ी हुई हैं। संगठनात्मक अनुभव और पार्टी में लगातार बढ़ती जिम्मेदारियां उन्हें संभावित दावेदारों की चर्चा में शामिल करती हैं।
डॉ. रचना गुप्ता : पत्रकारिता और प्रशासनिक अनुभव वाली शख्सियत
डॉ. रचना गुप्ता का नाम भी अर्की से महिला प्रत्याशी की संभावनाओं को लेकर होने वाली चर्चाओं में शामिल है। वह वरिष्ठ पत्रकार, शिक्षाविद और लेखिका के रूप में अपनी पहचान रखती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में दो दशक से अधिक का अनुभव रखने वाली डॉ. गुप्ता को विकासात्मक पत्रकारिता के लिए राज्य पुरस्कार से भी सम्मानित किया जा चुका है।
जनवरी 2018 से जनवरी 2024 तक उन्होंने हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग की सदस्य के रूप में सेवाएं दीं। वह आयोग की सदस्य नियुक्त होने वाली पहली महिला पत्रकार थीं। इस दौरान उन्होंने कार्यवाहक अध्यक्ष का दायित्व भी संभाला। पत्रकारिता और प्रशासनिक अनुभव के साथ-साथ महिला अधिकारों, स्वास्थ्य जागरूकता और सामाजिक न्याय से जुड़े मुद्दों पर उनकी सक्रियता भी उनकी पहचान का हिस्सा रही है।
अब हाईकमान के फैसले पर टिकी निगाहें
अर्की विधानसभा क्षेत्र में महिला प्रत्याशी को लेकर उठ रही चर्चाओं ने भाजपा की आगामी चुनावी रणनीति को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। क्या पार्टी किसी अनुभवी महिला जनप्रतिनिधि पर भरोसा जताएगी, संगठन में मजबूत पकड़ रखने वाली नेत्री को मौका देगी या किसी नए चेहरे को चुनावी मैदान में उतारेगी? यह आने वाला समय ही बताएगा।
फिलहाल तीन महिला नेत्रियों के नामों को लेकर राजनीतिक चर्चाएं जारी हैं। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि महिला सशक्तिकरण की बात करने वाली भाजपा वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में अर्की से महिला नेतृत्व को कितना महत्व देती है और टिकट वितरण के समय हाईकमान के तरकश से कौन सा नाम बाहर निकलता है।






