दाड़लाघाट :-
राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय धुंदन में प्रधानाचार्य मिस मनोरमा कुमारी चड्ढा की अध्यक्षता में एक सूक्ष्म कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छठी कक्षा में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों का स्वागत एवं अभिनंदन करना था, ताकि नए विद्यार्थी विद्यालय के वातावरण में सहज महसूस कर सकें। इस अवसर पर सभी विद्यार्थियों को मां सरस्वती के मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना करवाई गई तथा उनका विद्यालय में स्वागत किया गया। विद्यार्थियों ने उत्साह और जोश के साथ मां सरस्वती के समक्ष मंत्रोच्चारण किया और आशीर्वाद प्राप्त किया, ताकि वे जीवन में सफल और अनुशासित नागरिक बन सकें। प्रधानाचार्य ने सभी विद्यार्थियों को एक-एक बॉल पेन और बिस्कुट का पैकेट प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे अपने आसपास के उन बच्चों को भी विद्यालय में प्रवेश लेने के लिए प्रेरित करें, जिन्होंने अभी तक दाखिला नहीं लिया है, ताकि सत्र की पढ़ाई सुचारू रूप से प्रारंभ हो सके। प्रधानाचार्य ने क्षेत्रवासियों से भी आग्रह किया कि वे अपने बच्चों तथा आसपास के बच्चों का अधिक से अधिक संख्या में इस विद्यालय में प्रवेश सुनिश्चित करें। विद्यालय में सीबीएसई पाठ्यक्रम के तहत शिक्षा प्रदान की जा रही है। इस अवसर पर वरिष्ठ प्रवक्ता महेंद्र पाल कौंडल, मीडिया प्रभारी अमर सिंह वर्मा, विजय कुमार, मुकेश कुमार, जागृति देवी एवं नरेंद्र गौतम उपस्थित रहे।






