चंडी सोलन पवन कुमार ।
वीएसएलएम अध्यापक शिक्षण महाविद्यालय चंडी में डीएलएड द्वितीय वर्ष के प्रशिक्षुओं के लिए विदाई समारोह का भव्य आयोजन किया गया। ‘डेस्टिनी अवेट्स 2024-26’ थीम पर आधारित इस समारोह में प्रशिक्षुओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से खूब समां बांधा। कार्यक्रम में कॉलेज प्रबंधन समिति के सचिव चंद्र मोहन शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद डीएलएड प्रशिक्षुओं ने सरस्वती वंदना एवं वैदिक
मंत्रोच्चारण प्रस्तुत कर कार्यक्रम को शुभारंभ किया। समारोह के दौरान बीएड एवं डीएलएड प्रशिक्षुओं ने हिमाचली नाटी, गिद्दा, पंजाबी भांगड़ा, हरियाणवी नृत्य और गरबा सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। इसके अलावा एकल गायन एवं नृत्य ने भी उपस्थित लोगों का खूब मनोरंजन किया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण मॉडलिंग प्रतियोगिता रही, जिसमें प्रशिक्षुओं ने शानदार प्रदर्शन कर सभी का मन मोह लिया।
मॉडलिंग प्रतियोगिता में दानिश को मिस्टर फेयरवेल और प्रियंका को मिस फेयरवेल के खिताब से नवाजा गया। वहीं, प्रतियोगिता के उपविजेता जितेंद्र और कोमल को भी मुख्य अतिथि ने स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर डीएलएड द्वितीय वर्ष की प्रशिक्षु प्रियंका ने अपनी कक्षा की ओर से कॉलेज प्रबंधन, शिक्षकों एवं सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। मुख्य अतिथि चंद्र मोहन शर्मा और कॉलेज प्रधानाचार्य राजमणि शर्मा ने प्रशिक्षुओं को संबोधित करते हुए भविष्य में आदर्श अध्यापक बनने तथा स्वस्थ समाज के निर्माण में अपनी रचनात्मक भूमिका निभाने का आह्वान किया। समारोह के अंत में सभी अतिथियों एवं प्रशिक्षुओं के लिए प्रीतिभोज की व्यवस्था की गई। इस अवसर पर कॉलेज के समस्त स्टाफ सदस्य, बीएड एवं डीएलएड के प्रशिक्षु उपस्थित रहे।






