कुनिहार
गुरुकुल इंटरनेशनल स्कूल, कुनिहार में दीपावली का पावन पर्व बड़े उत्साह एवं उमंग के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय में कक्षा-वार विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। बच्चों ने अपनी कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए सुंदर तोरण, आकर्षक दीपक एवं रंग-बिरंगी लालटेन तैयार कीं।
प्रातःकालीन सभा में विद्यार्थियों को दीपावली के धार्मिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक महत्व से अवगत करवाया गया। इसके पश्चात बच्चों ने विशेष पार्टी टिफिन का आनंद लिया तथा डीजे पार्टी के माध्यम से उत्सव की खुशियां साझा कीं। पूरा विद्यालय दीपावली की सजावट और उत्साह से जगमगा उठा।
इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक समीर गर्ग एवं अदिति गर्ग ने सभी विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि दीपावली प्रेम, सद्भाव, सकारात्मकता और खुशियां बांटने का संदेश देती है। उन्होंने बच्चों को पर्यावरण के प्रति जागरूक रहते हुए सुरक्षित एवं हरित दीपावली मनाने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय की प्रधानाचार्या अलका भारद्वाज ने अपने संदेश में कहा कि दीपावली केवल बाहरी रोशनी का पर्व नहीं, बल्कि अपने भीतर के अंधकार को मिटाने का भी संदेश देती है। हमें ईर्ष्या, अहंकार और नकारात्मकता को दूर कर प्रेम, ज्ञान एवं सकारात्मकता का दीप जलाना चाहिए। उन्होंने सभी को सुख-समृद्धि एवं खुशियों भरी दीपावली की शुभकामनाएं दीं।
अंत में विद्यालय परिवार की ओर से सभी विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं क्षेत्रवासियों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं दी गईं।






