कुनिहार:-
कुनिहार स्थित बी.एल. सेंट्रल वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला में सत्र 2026-27 के लिए एनसीसी कैडेट्स की भर्ती प्रक्रिया सफलतापूर्वक सम्पन्न की गई। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में उत्साह और अनुशासन का विशेष माहौल देखने को मिला, जहां विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
जानकारी देते हुए एनसीसी एएनओ अमर देव ने बताया कि यह भर्ती प्रक्रिया कमांडिंग ऑफिसर, प्रथम छात्र वाहिनी एनसीसी सोलन के मार्गदर्शन में आयोजित की गई। भर्ती के दौरान विद्यार्थियों की शारीरिक दक्षता, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता तथा टीम भावना का विशेष रूप से आकलन किया गया।
विद्यालय अध्यक्ष ने बताया कि इस चयन प्रक्रिया में प्रथम छात्र वाहिनी एनसीसी सोलन से आए पीआई स्टाफ हवलदार जगदीप सिंह तथा विद्यालय के एएनओ अमर देव की देखरेख में सभी गतिविधियां सम्पन्न हुईं। हवलदार जगदीप सिंह द्वारा विद्यार्थियों को व्यवहारिक प्रशिक्षण, ग्राउंड , अनुशासन तथा एनसीसी के मूल सिद्धांतों की जानकारी दी गई, जिससे विद्यार्थियों में देशभक्ति और जिम्मेदारी की भावना को और अधिक सुदृढ़ किया जा सके।
कठोर चयन प्रक्रिया के उपरांत कुल 12 जूनियर विंग (JW) और 13 जूनियर डिवीजन (JD) कैडेट्स का चयन किया गया। चयनित विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखा गया और उन्होंने एनसीसी के माध्यम से राष्ट्र सेवा करने का संकल्प लिया।
विद्यालय अध्यक्ष ने सभी चयनित कैडेट्स को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा उन्हें अनुशासन, समर्पण और नेतृत्व के गुणों को अपनाने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय की मुख्याध्यापिका सुषमा सहित समस्त अध्यापक वर्ग ने भी चयनित कैडेट्स एवं एएनओ अमर देव को इस सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित विद्यार्थियों और अतिथियों के लिए जलपान की व्यवस्था भी की गई। इस सफल आयोजन ने विद्यालय में एनसीसी के प्रति विद्यार्थियों की रुचि को और अधिक बढ़ाया है तथा भविष्य में भी ऐसे आयोजनों के माध्यम से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को प्रोत्साहन मिलता रहेगा।






