दाड़लाघाट। युवा जागृति क्लब नवगांव की ओर से आयोजित वॉलीबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ ग्राम पंचायत नवगांव की प्रधान तनु गौतम ने किया। इस अवसर पर पंचायत उपप्रधान कमलेश चंद विशेष रूप से उपस्थित रहे। प्रतियोगिता में क्षेत्र की 12 टीमों ने भाग लिया। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला क्रीड़ा भारती और दाड़लाधार टीम के बीच खेला गया।
प्रधान तनु गौतम ने प्रतियोगिता के आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि खेलों से युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है। ऐसे आयोजन युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखकर सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने में भी अहम भूमिका निभाते हैं। प्रकाश चंद और राजेश गुप्ता ने बताया कि प्रतियोगिता आयोजित करने का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना तथा युवाओं को खेलों के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि क्लब भविष्य में भी इस तरह की गतिविधियों के माध्यम से युवाओं को खेलों से जोड़ने का प्रयास करता रहेगा। प्रतियोगिता के समापन समारोह में ग्राम पंचायत चाखड़ के प्रधान उपेंद्र वर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस अवसर पर कमलेश्वर, सेवानिवृत्त नायब तहसीलदार राजेंद्र, मोहन ठाकुर, वार्ड सदस्य सीता देवी, राम सिंह, प्रकाश चंद, भीम दत्त शुक्ला, खजाना राम, हेत राम, राजेश गुप्ता, खेमराज, जगत राम, दिलीप, पंकज, धर्मपाल, बृजलाल और राधेश्याम भी मौजूद रहे।






