दाड़लाघाट:-प्रदेश में पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव को लेकर सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में विकास खंड कुनिहार में भी पंचायत चुनावों के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है। नामांकन दाखिल करने की तिथियां 7, 8 और 11 मई निर्धारित की गई हैं। पहले दिन विकास खंड कुनिहार की विभिन्न पंचायतों में प्रधान, उपप्रधान और पंचायत सदस्य पदों के लिए कई उम्मीदवारों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए। विकास खंड अधिकारी एवं निर्वाचन अधिकारी तन्मय कंवर ने बताया कि विकास खंड कुनिहार की 58 पंचायतों में पहले दिन कुल 325 नामांकन पत्र दाखिल हुए। इनमें प्रधान पद के लिए 92, उपप्रधान पद के लिए 83 तथा वार्ड सदस्य पद के लिए 150 नामांकन पत्र दाखिल किए गए। सूत्रों के अनुसार दाड़लाघाट क्षेत्र की निकटवर्ती पंचायत रौडी में कुल आठ नामांकन दाखिल हुए। इसमें प्रधान पद के लिए रीना शर्मा और किरण शर्मा, उपप्रधान पद के लिए मदन लाल और नरेश शर्मा तथा पंचायत सदस्य पद के लिए योगिता शर्मा, श्याम लाल, संजय शर्मा और सनी गौतम ने नामांकन दाखिल किया। पंचायत दाड़लाघाट में कुल छह नामांकन पत्र दाखिल किए गए। यहां प्रधान पद के लिए जय चंद, उपप्रधान पद के लिए नरेश कुमार तथा पंचायत सदस्य पद के लिए मीरा देवी, राज कुमारी, सुनीता और रमेश कुमार ने नामांकन भरे। उधर, बरायली पंचायत में कुल छह उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किए। इनमें प्रधान पद के लिए कृष्ण चंद भट्टी, उपप्रधान पद के लिए प्रकाश तथा पंचायत सदस्य पद के लिए बंती देवी, ज्योति कुमारी, जगदीश चंद और नारायणु शामिल हैं। वहीं पंचायत चाखड़ में कुल आठ नामांकन पत्र दाखिल किए गए। यहां प्रधान पद के लिए नागेंद्र, नंदलाल और सत्या प्रकाश गांधी, उपप्रधान पद के लिए दिवाकर सेन तथा पंचायत सदस्य पद के लिए मनोज कुमार, श्यामलाल, सत्या देवी और विमला देवी ने नामांकन दाखिल किया। इसके अलावा विकास खंड कुनिहार की अन्य पंचायतों में भी विभिन्न पदों के लिए नामांकन पत्र दाखिल किए गए। नामांकन प्रक्रिया के पहले दिन पंचायतों में चुनावी माहौल गर्माता नजर आया और प्रत्याशी समर्थकों के साथ नामांकन केंद्र पहुंचे। आने वाले दिनों में चुनाव प्रचार और अधिक तेज होने की संभावना है।






