दाड़लाघाट:-डीएवी अंबुजा विद्या निकेतन पब्लिक स्कूल दाड़लाघाट में प्रधानाचार्य नसीब ठाकुर के मार्गदर्शन में छात्र परिषद् के गठन हेतु लोकतांत्रिक प्रक्रिया के अंतर्गत हेड बॉय, हेड गर्ल, वाइस हेड बॉय एवं वाइस हेड गर्ल सहित विभिन्न पदों के लिए चुनाव आयोजित किए गए। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक मतदान कर अपने प्रतिनिधियों का चयन किया। चुनावों में वृंदा शर्मा हेड गर्ल तथा सोमांक चंदेल हेड बॉय चुने गए। वहीं निष्ठा को वाइस हेड गर्ल और धैर्य ठाकुर को वाइस हेड बॉय चुना गया। चुनाव प्रक्रिया के सफल समापन के बाद विद्यालय में भव्य इन्वेस्टिचर समारोह आयोजित किया गया।समारोह में नव निर्वाचित छात्र परिषद् के सदस्यों को बैज एवं सैश पहनाकर पद एवं जिम्मेदारियों की शपथ दिलाई गई। विद्यार्थियों ने विद्यालय के अनुशासन, नेतृत्व, सेवा भावना एवं नैतिक मूल्यों का पालन करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर एसीएल के फाइनेंस हेड (नॉर्थ) रमन गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को ईमानदारी, अनुशासन एवं आत्मविश्वास के साथ नेतृत्व करने के लिए प्रेरित किया।प्रधानाचार्य नसीब ठाकुर ने नव निर्वाचित परिषद् को शुभकामनाएँ देते हुए विद्यार्थियों को जिम्मेदारी एवं समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर अध्यक्ष एलएमसी एवं सीएमओ (नॉर्थ) एसीएल संदीप सीरह ने भी प्रधानाचार्य की सराहना करते हुए चुने गए विद्यार्थियों को शुभकामनाएँ दीं और अपनी जिम्मेदारियों को सफलतापूर्वक निभाने के लिए प्रेरित किया।






