कुनिहार
बी एल सेंट्रल पब्लिक वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कुनिहार में दसवीं कक्षा के विद्यार्थियों ने इस वर्ष बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय की गौरवशाली परंपरा को कायम रखा है। हिमाचल प्रदेश शिक्षा बोर्ड द्वारा घोषित दसवीं कक्षा के वार्षिक परीक्षा परिणाम में विद्यालय ने शत-प्रतिशत परिणाम दर्ज किया, जिससे विद्यालय परिसर में हर्ष का वातावरण बना हुआ है।
विद्यालय अध्यक्ष ने जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष विद्यालय की छात्रा गार्गी शर्मा ने 671 अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। समीक्षा जोशी एवं आकृति ने 669 अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वंशिका शेख ने 658 अंक लेकर तृतीय, तान्या ने 654 अंक लेकर चतुर्थ तथा कुमार मंगलम ने 649 अंक लेकर पंचम स्थान अर्जित किया। इसके अतिरिक्त विद्यालय के 25 विद्यार्थियों ने 600 से अधिक अंक प्राप्त कर उल्लेखनीय सफलता हासिल की है।
विद्यालय पहुंचने पर सभी मेधावी विद्यार्थियों का प्रातःकालीन सभा में विशेष सम्मान किया गया। विद्यालय प्रबंधन एवं अध्यापक वर्ग ने विद्यार्थियों को मिठाई खिलाकर उनकी इस सफलता का उत्सव मनाया। अध्यक्ष ने कहा कि विद्यार्थियों की कठिन मेहनत, शिक्षकों का मार्गदर्शन तथा अभिभावकों का सहयोग इस उपलब्धि की मुख्य आधारशिला है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि निरंतर परिश्रम, अनुशासन और समर्पण से ही जीवन में सफलता प्राप्त की जा सकती है।
विद्यालय अध्यक्ष ने यह भी बताया कि संस्थान पिछले 31 वर्षों से निरंतर उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम देता आ रहा है और प्रदेश में ए-ग्रेड श्रेणी में अपनी विशिष्ट पहचान बनाए हुए है। विद्यालय के छात्र न केवल शिक्षा के क्षेत्र में बल्कि खेलकूद, सांस्कृतिक एवं अन्य सह-पाठयक्रम गतिविधियों में भी राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य केवल परीक्षा परिणाम तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों को संस्कारवान, अनुशासित और जिम्मेदार नागरिक बनाना भी है। यही कारण है कि यहां से शिक्षा प्राप्त कर अनेक विद्यार्थी देश-विदेश में विभिन्न क्षेत्रों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
इस अवसर पर समस्त अध्यापक वर्ग ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। मेधावी विद्यार्थियों के सम्मान समारोह से पूरे विद्यालय में उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला।






