कुनिहार:-
गुरुकुल इंटरनेशनल स्कूल कुनिहार में मातृ दिवस (Mother’s Day) बड़े हर्षोल्लास, उत्साह और प्रेम के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलित कर के की गई। नर्सरी से दूसरी कक्षा तक के विद्यार्थियों ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से सभी का दिल जीत लिया। विद्यालय परिसर रंग-बिरंगी सजावट, खुशियों और बच्चों की मधुर प्रस्तुतियों से सराबोर दिखाई दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत स्वागत संदेश एवं माँ के सम्मान में प्रेरणादायक विचारों के साथ की गई। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सुंदर नृत्य एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित माताओं को भावुक कर दिया। शिक्षकों की विशेष प्रस्तुतियों को भी सभी ने खूब सराहा।
इस अवसर पर माताओं के लिए विभिन्न मनोरंजक गेम्स और गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिसमें विजेता माताओं को आकर्षक उपहार भेंट किए गए। कई माताओं ने मंच पर आकर विद्यालय द्वारा आयोजित कार्यक्रम की सराहना की तथा बच्चों की प्रस्तुतियों की प्रशंसा की।
विद्यालय की प्रधानाचार्या अल्का भारद्वाज ने सभी माताओं को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि “माँ बच्चे की पहली गुरु होती है और उनका योगदान अमूल्य है।” विद्यालय निदेशक समीर गर्ग एवं अदिति गर्ग ने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में प्रेम, सम्मान और पारिवारिक मूल्यों की भावना को विकसित करते हैं।






