दाड़लाघाट:- रौड़ी गांव में तेंदुए की बढ़ती गतिविधियों से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। गांव में रात के समय एक व्यक्ति पर तेंदुए द्वारा हमला किए जाने तथा अगले ही दिन गांव से एक कुत्ते को उठा ले जाने की घटना के बाद लोगों में भय व्याप्त हो गया है। इस संबंध में प्रभावित किसान सभा के अध्यक्ष जगदीश शर्मा ने बताया कि दो दिन पहले रात करीब 10 बजे मोटरसाइकिल पर जा रहे एक व्यक्ति पर गांव के रास्ते में घात लगाए बैठे तेंदुए ने हमला कर दिया। इस हमले में व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके अगले ही दिन रात करीब 10 बजे तेंदुआ गांव में घरों के नजदीक से एक कुत्ते को उठा ले गया। घटनाओं के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है और लोग रात के समय घरों से बाहर निकलने से डर रहे हैं। प्रभावित किसान सभा के अध्यक्ष जगदीश शर्मा ने डीएफओ कुनिहार को मामले की जानकारी देते हुए गांव में तेंदुए की मौजूदगी से लोगों में फैल रहे भय के बारे में अवगत कराया तथा वन विभाग से तुरंत कार्रवाई कर तेंदुए को पकड़ने की मांग उठाई। जगदीश शर्मा ने बताया कि डीएफओ कुनिहार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एक-दो दिनों के भीतर वन विभाग द्वारा आवश्यक कार्रवाई किए जाने का आश्वासन दिया है। ग्रामीणों ने भी वन विभाग से जल्द कदम उठाने की मांग की है ताकि किसी बड़ी घटना से बचा जा सके।
डीएफओ कुनिहार राज कुमार शर्मा तथा आरओ दाड़लाघाट सुदर्शन सिंह जमवाल ने बताया कि रौड़ी गांव में तेंदुए की मौजूदगी की सूचना मिलते ही वन विभाग ने अपनी कार्रवाई शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि ग्रामीणों को आवश्यक दिशा-निर्देश देने के बाद वन विभाग की टीम ने पूरे गांव में गश्त की, लेकिन अभी तक तेंदुए की मौजूदगी का कोई सुराग नहीं मिला है। हालांकि एहतियात के तौर पर वन विभाग की टीम आगामी दो दिनों तक गांव में लगातार गश्त करती रहेगी।






