दाड़लाघाट:-राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय धुन्दन में विभाग के निर्देशानुसार आतंकवाद निषेध दिवस मनाया गया। प्रार्थना सभा में कार्यकारी प्रधानाचार्य भारतेंदु भारद्वाज की अध्यक्षता में लक्ष्मीबाई सदन के विद्यार्थियों ने आतंकवाद निषेध दिवस के महत्व पर जानकारी दी। इस अवसर पर विद्यालय के विद्यार्थियों एवं समस्त स्टाफ ने आतंकवाद के विरुद्ध शपथ ली। इसके पश्चात जमा एक की छात्रा दिव्यांशी ने आतंकवाद निषेध दिवस पर प्रभावशाली भाषण प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि आतंकवाद समाज और देश की एकता को कमजोर करने का कार्य करता है। हमें हिंसा का विरोध करते हुए सभी धर्मों का सम्मान करना चाहिए तथा आतंकवाद के प्रति शून्य सहनशीलता अपनानी चाहिए। कार्यकारी प्रधानाचार्य भारतेंदु भारद्वाज ने दिव्यांशी के विचारों की सराहना करते हुए विद्यार्थियों को देश की एकता और अखंडता बनाए रखने का संदेश दिया।






