Home » Uncategorized » आईटीआई अर्की में मासिक धर्म स्वच्छता दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

आईटीआई अर्की में मासिक धर्म स्वच्छता दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

Share:

अर्की:-

डॉ. विजय कुमार शांडिल ने किशोरियों को स्वच्छता, पोषण और स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी, विभिन्न प्रतियोगिताओं के माध्यम से दिया जागरूकता का संदेश
जिला सोलन के आईटीआई अर्की में मासिक धर्म स्वच्छता दिवस (28 मई) के उपलक्ष्य में बुधवार को एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम डॉक्टर मुकता रस्तोगी, खंड चिकित्सा अधिकारी के नेतृत्व में संपन्न हुआ। इसका उद्देश्य किशोरियों एवं महिलाओं को मासिक धर्म स्वास्थ्य, स्वच्छता, पोषण तथा इससे जुड़े मिथकों और भ्रांतियों के प्रति जागरूक करना था। इस अवसर पर डॉ. विजय कुमार शांडिल, काउंसलर, एचआईवी काउंसलिंग एवं टेस्टिंग सर्विसेज, सिविल अस्पताल अर्की ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि मासिक धर्म महिलाओं के जीवन की एक सामान्य एवं प्राकृतिक जैविक प्रक्रिया है तथा इसके प्रति समाज में सकारात्मक सोच और जागरूकता विकसित करना बेहद जरूरी है। उन्होंने किशोरियों को मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता बनाए रखने, सुरक्षित सैनिटरी उत्पादों का उपयोग करने, संतुलित आहार लेने तथा स्वास्थ्य संबंधी समस्या होने पर चिकित्सकीय सलाह लेने के लिए प्रेरित किया। साथ ही मासिक धर्म से जुड़े सामाजिक मिथकों और भेदभाव को समाप्त करने का संदेश भी दिया। कार्यक्रम के दौरान पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता, भाषण प्रतियोगिता, समूह चर्चा, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता तथा मासिक धर्म स्वास्थ्य जागरूकता शपथ जैसी गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।समूह चर्चा एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के माध्यम से प्रतिभागियों ने मासिक धर्म स्वास्थ्य से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं, जबकि पोस्टर प्रतियोगिता के जरिए विद्यार्थियों ने स्वच्छता एवं स्वास्थ्य जागरूकता का प्रभावी संदेश प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को मासिक धर्म स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने तथा समाज में सकारात्मक संदेश फैलाने की शपथ दिलाई गई और प्रतिभागियों को सम्मानित भी किया गया।
कार्यक्रम का समापन इस संदेश के साथ किया गया —
“मासिक धर्म एक प्राकृतिक प्रक्रिया है, इसे शर्म नहीं बल्कि समझ और सम्मान की आवश्यकता है।”
“स्वस्थ किशोरी – स्वस्थ समाज”।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *