अर्की:-
अर्की उपमंडल के अंतर्गत पलोग क्षेत्र में बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 38 वर्षीय ट्रैक्टर चालक रूपचंद निवासी गांव जलाना, डाकघर पलोग की मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार रूपचंद अपने ट्रैक्टर को चला रहा था कि अचानक पलोग क्षेत्र में ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की सहायता से उसे तुरंत नागरिक अस्पताल अर्की पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना के संबंध में जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसा ट्रैक्टर के अनियंत्रित होने के कारण हुआ है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। रूपचंद के असमय निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, वहीं पूरे पलोग क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है। स्थानीय लोगों ने मृतक के परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए प्रशासन से दुर्घटना के कारणों की निष्पक्ष जांच की मांग की है।






