Home » Uncategorized » दीक्षित महाजन ने लोक प्रशासन विभाग की शोध गतिविधि में दल प्रमुख के रूप में निभाई अहम भूमिका

दीक्षित महाजन ने लोक प्रशासन विभाग की शोध गतिविधि में दल प्रमुख के रूप में निभाई अहम भूमिका

Share:

दाड़लाघाट:-उपमंडल अर्की के दाड़लाघाट क्षेत्र की ग्राम पंचायत पारनू के कंसवाला निवासी एवं राजकीय उत्कृष्टता महाविद्यालय संजौली (शिमला) के कला स्नातक तृतीय वर्ष के छात्र दीक्षित महाजन ने लोक प्रशासन विभाग की एक महत्वपूर्ण शोध गतिविधि में दल प्रमुख के रूप में अहम भूमिका निभाई। हिमाचल प्रदेश सचिवालय छोटा शिमला में आयोजित इस शैक्षणिक संवाद में उनके साथ महाविद्यालय के छात्र-छात्राएं अर्णव डोगरा, भूमिका, अंशुल, गुंजन, हिमांशु, इशिका, रोहन और मेहक भी शामिल रहे। लोक प्रशासन विभाग द्वारा डॉ. सरोज नेगी के मार्गदर्शन में आयोजित शोध का विषय हिमाचल प्रदेश के विशेष संदर्भ में 73वें संविधान संशोधन अधिनियम का समालोचनात्मक अध्ययन था। इस शोध के अंतर्गत प्रदेश के पंचायतीराज मंत्री अनुरुद्ध सिंह के साथ शैक्षणिक साक्षात्कार आयोजित किया गया। साक्षात्कार में दीक्षित महाजन एवं अर्णव डोगरा ने 73वें संविधान संशोधन, पंचायती राज व्यवस्था और ग्रामीण प्रशासन से जुड़े विभिन्न विषयों पर प्रश्न पूछे। संवाद के दौरान मंत्री अनुरुद्ध सिंह ने स्थानीय स्वशासन, ग्रामीण विकास, सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा जमीनी स्तर पर प्रशासन के समक्ष आने वाली चुनौतियों पर विस्तार से अपने विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि पंचायतें लोकतंत्र की मजबूत नींव हैं और ग्रामीण विकास में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। युवाओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि राजनीति से दूर रहने के बजाय उसे राष्ट्र निर्माण का प्रभावी माध्यम मानते हुए सकारात्मक, सक्रिय और शांतिपूर्ण ढंग से लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं में भाग लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि जागरूक एवं उत्तरदायी युवाओं की सहभागिता ही लोकतंत्र को अधिक सशक्त बनाकर समावेशी एवं सतत विकास का मार्ग प्रशस्त कर सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *