दाड़लाघाट। डी.ए.वी. अंबुजा विद्या निकेतन पब्लिक स्कूल दाड़लाघाट में विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मनिर्भरता, टीम भावना एवं सेवा भाव विकसित करने के उद्देश्य से दो दिवसीय स्काउट्स एवं गाइड्स शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में 62 विद्यार्थियों एवं 4 स्काउट्स एवं गाइड्स शिक्षकों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। शिविर के दौरान विद्यार्थियों ने ध्वजारोहण एवं ध्वज शिष्टाचार, प्राथमिक चिकित्सा, गांठ बाँधना, कैंप क्राफ्ट, ड्रिल, टीम बिल्डिंग गतिविधियाँ, खेल एवं मनोरंजक गतिविधियों में उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इन
गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को व्यवहारिक ज्ञान प्राप्त करने के साथ-साथ सहयोग, आत्मविश्वास, अनुशासन और जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का अवसर मिला। प्रधानाचार्य नसीब ठाकुर ने विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविर विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को शिविर से प्राप्त अनुभवों एवं मूल्यों को अपने दैनिक जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया। दो दिवसीय स्काउट्स एवं गाइड्स शिविर विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायक एवं यादगार अनुभव रहा। शिविर का समापन विद्यार्थियों में नई ऊर्जा, आत्मविश्वास, अनुशासन और सेवा भावना के साथ हुआ।






