कुनिहार
अक्षरेश शर्मा
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कुनिहार (CBSE) में 5 सितंबर, 2026 को शिक्षा संवाद एवं शिक्षक दिवस का आयोजन SMC अध्यक्ष श्री सुनील कुमार की अध्यक्षता में किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, आगामी खेल प्रतियोगिताओं की तैयारियों तथा विद्यालय एवं अभिभावकों के बीच बेहतर समन्वय से जुड़े विभिन्न विषयों पर सार्थक चर्चा की गई।

शिक्षा संवाद के दौरान विद्यालय से जुड़े विभिन्न स्थानीय मुद्दों एवं शैक्षणिक सुधार पर विचार-विमर्श किया गया। आगामी खेलकूद प्रतियोगिताओं में विद्यालय के विद्यार्थियों की बेहतर भागीदारी एवं प्रदर्शन सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक तैयारियों पर भी चर्चा हुई। इस अवसर पर विद्यालय में नव नियुक्त CBSE पैटर्न के शिक्षकों का गर्मजोशी से स्वागत किया गया और उनसे विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों को नई ऊर्जा एवं दिशा देने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों द्वारा शिक्षकों के सम्मान में विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। विद्यार्थियों ने शिक्षकों को विशेष महसूस करवाने के लिए मनोरंजक कैटवॉक का आयोजन किया तथा शिक्षकों को भी गीत प्रस्तुत करने के लिए आमंत्रित किया। नव नियुक्त शिक्षकों ने भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए गीत प्रस्तुत किए, जिसे विद्यार्थियों एवं अभिभावकों ने खूब सराहा। इन गतिविधियों ने न केवल वातावरण को आनंदमय बनाया, बल्कि विद्यार्थियों में छिपी रचनात्मक एवं सांस्कृतिक प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने का भी कार्य किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री प्रताप रणौत ने कहा कि ऐसी गतिविधियां विद्यार्थियों के आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, रचनात्मकता और सामाजिक जुड़ाव को बढ़ावा देती हैं। नए शिक्षकों की प्रतिभा और विद्यार्थियों के साथ उनका सहज जुड़ाव निश्चित रूप से विद्यालय के सर्वांगीण विकास एवं सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण को और मजबूत करेगा।
प्रधानाचार्य जी ने अभिभावकों को संबोधित करते हुए उन्हें अपने बच्चों की गतिविधियों के प्रति सजग रहने तथा उन्हें नशे एवं अन्य सामाजिक बुराइयों से दूर रखने के लिए विद्यालय के साथ मिलकर कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा के साथ अपनी पारिवारिक विरासत, संस्कारों एवं सनातन संस्कृति की जड़ों से जुड़े रहना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने निर्धारित लक्ष्यों पर पूरी एकाग्रता के साथ आगे बढ़ने, मेहनत करने तथा माता-पिता की अपेक्षाओं एवं सपनों को प्राथमिकता देते हुए अपने भविष्य का निर्माण करने का संदेश दिया।
विद्यालय के केंद्रीय मुख्य शिक्षक श्री रमेश चंद ने भी विद्यार्थियों को आशीर्वचन देते हुए शिक्षक दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने महान शिक्षाविद् एवं स्वतंत्र भारत के प्रथम उपराष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती को शिक्षक दिवस के रूप में मनाए जाने का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेने का संदेश दिया।
SMC अध्यक्ष श्री सुनील कुमार एवं बच्चों के अभिभावकों ने शिक्षक दिवस के अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षकों एवं बच्चों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने शिक्षकों द्वारा विद्यार्थियों के शैक्षणिक एवं सर्वांगीण विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की तथा विद्यालय की प्रगति में SMC एवं अभिभावकों की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया इस समारोह में कोठी पंचायत के पूर्व प्रधान राकेश ठाकुर जी और हाटकोट पंचायत के पूर्व उप प्रधान श्री रोहित जोशी जी (विद्यालय संरक्षक)भी मौजूद रहे l
कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, संस्कार, संस्कृति, खेल, रचनात्मकता और अभिभावक-शिक्षक सहभागिता के समन्वय से ही विद्यार्थियों का वास्तविक सर्वांगीण विकास संभव है।
विद्यालय में हेड बॉय और हेड गर्ल का चुनाव भी किया गया जिसमें बच्चों को मतदान कैसे किया जाता है और मतदान करना कितना आवश्यक है इसके बारे में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की तथा इसका परिणाम सोमवार को गिनती के बाद घोषित किया जाएगा l






