दाड़लाघाट। राजकीय महाविद्यालय दाड़लाघाट में रोवर एवं रेंजर इकाई के तत्वावधान में अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस मनाया गया। इस अवसर पर अंग्रेजी विभाग की सहायक आचार्य डॉ. सपना डोगरा ने पढ़ना आजीवन सीखने का मार्ग विषय पर अतिथि व्याख्यान दिया। उन्होंने पढ़ने को ज्ञान-विस्तार, व्यक्तित्व-विकास तथा आजीवन सीखने का प्रभावी माध्यम बताया। कार्यक्रम के दौरान एक व्यक्ति, एक व्यक्ति को पढ़ाए साक्षरता पहल का औपचारिक शुभारंभ किया गया। विद्यार्थियों को समाज में साक्षरता के प्रसार, सामुदायिक पठन अभियानों तथा अन्य जनसंपर्क
गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया गया। इस पहल का उद्देश्य समाज में पढ़ने और आजीवन सीखने की संस्कृति को बढ़ावा देना है। इस मौके पर विद्यार्थियों को साक्षरता संकल्प की शपथ भी दिलाई गई। महाविद्यालय की प्राचार्या के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का आयोजन रोवर एवं रेंजर इकाई द्वारा किया गया।






