Home » Uncategorized » ग्राम पाट्टी में महिलाओं को एचआईवी, सिफलिस, हेपेटाइटिस और टीबी के प्रति किया जागरूक

ग्राम पाट्टी में महिलाओं को एचआईवी, सिफलिस, हेपेटाइटिस और टीबी के प्रति किया जागरूक

Share:

शहनाज़ अर्की

स्वास्थ्य विभाग की ओर से चलाए जा रहे एचआईवी/एड्स जागरूकता अभियान-3.0 के तहत ग्राम पाट्टी, पंचायत सानन में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं को एचआईवी/एड्स सहित सिफलिस, हेपेटाइटिस-बी, हेपेटाइटिस-सी और टीबी जैसे संक्रामक रोगों के कारण, बचाव, समय पर जांच और उपचार के बारे में जानकारी दी गई।
कार्यक्रम का आयोजन खंड चिकित्सा अधिकारी अर्की डॉ. मुक्ता रस्तोगी के नेतृत्व में किया गया। इस दौरान सिविल अस्पताल अर्की की एचआईवी काउंसलिंग एवं टेस्टिंग सर्विसेज के काउंसलर डॉ. विजय कुमार शांडिल ने महिलाओं को एचआईवी/एड्स से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि संक्रमित व्यक्ति के साथ हाथ मिलाने, साथ बैठने, भोजन करने या बातचीत करने जैसे सामान्य सामाजिक व्यवहार से एचआईवी नहीं फैलता।
कार्यक्रम में करीब 48 महिलाओं एवं अन्य प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। महिलाओं को एचआईवी की समय पर जांच करवाने तथा जरूरत पड़ने पर परामर्श और उपचार सेवाओं से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही हेपेटाइटिस-बी से बचाव के लिए उपलब्ध टीकाकरण के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया।
पोषण और एनीमिया पर भी दी जानकारी
जागरूकता कार्यक्रम में महिलाओं के पोषण और एनीमिया को लेकर भी विशेष चर्चा की गई। महिलाओं को संतुलित एवं पौष्टिक आहार लेने, आयरन युक्त खाद्य पदार्थों का सेवन करने तथा चिकित्सकीय सलाह के अनुसार आयरन-फोलिक एसिड की गोलियां लेने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं उमा गर्ग, कृष्णा देवी, भावना और वीणा ने भी सहयोग दिया। आशा कार्यकर्ता ममता देवी ने सक्रिय सहभागिता निभाई, जबकि लता आशा ने कार्यक्रम के आयोजन एवं समन्वय में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस दौरान महिलाओं ने एचआईवी/एड्स, सिफलिस, हेपेटाइटिस, टीबी, पोषण और एनीमिया से संबंधित सवाल पूछे, जिनका स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सरल भाषा में समाधान किया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने एचआईवी/एड्स से बचाव और जागरूकता फैलाने की शपथ भी ली।
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की कि एचआईवी/एड्स और अन्य संक्रामक रोगों को लेकर किसी भी प्रकार की भ्रांति या भेदभाव न रखें। सही जानकारी, समय पर जांच, उचित परामर्श और उपचार ही स्वस्थ समाज की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *