Home » Uncategorized » राज्य स्तरीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता के लिए चयनित हुआ बी.एल. स्कूल कुनिहार का अश्मित रघुवंशी

राज्य स्तरीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता के लिए चयनित हुआ बी.एल. स्कूल कुनिहार का अश्मित रघुवंशी

Share:

कुनिहार
बी.एल. सेंट्रल पब्लिक वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कुनिहार के होनहार खिलाड़ी अश्मित रघुवंशी ने बास्केटबॉल के क्षेत्र में शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम रोशन किया है। अश्मित का चयन राज्य स्तरीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता के लिए हुआ है। उसकी इस उपलब्धि से विद्यालय में खुशी का माहौल है तथा विद्यालय प्रबंधन, अध्यापकों और अभिभावकों ने उसे बधाई दी है।
जानकारी देते हुए विद्यालय के अंतर्राष्ट्रीय बास्केटबॉल कोच एवं रेफरी राज कुमार पाल ने बताया कि हिमाचल प्रदेश बास्केटबॉल संघ द्वारा राज्य स्तरीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन जिला सिरमौर के गुरु नानक मिशन पब्लिक स्कूल, पांवटा साहिब में 11 सितम्बर से 13 सितम्बर 2026 तक किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों से चयनित प्रतिभाशाली खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।
उन्होंने बताया कि जिला स्तर पर सोलन में आयोजित चयन प्रक्रिया में बी.एल. स्कूल कुनिहार के खिलाड़ी अश्मित रघुवंशी ने अपने उत्कृष्ट खेल कौशल, अनुशासन, फिटनेस एवं शानदार प्रदर्शन के दम पर राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए अपना स्थान सुनिश्चित किया। अश्मित की मेहनत और खेल के प्रति लगन ने उसे इस मुकाम तक पहुंचाया है।
विद्यालय के अध्यक्ष गोपाल शर्मा ने अश्मित की इस शानदार उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ खेलों में भी अपनी प्रतिभा निखारने के लिए उचित मंच और सुविधाएं प्रदान कर रहा है। उन्होंने अश्मित रघुवंशी , उसके माता-पिता जसबीर सिंह एवं ज्योति को , और शारीरिक शिक्षक अमर देव व् अरुणा को हार्दिक बधाई दी और राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की ऐसी उपलब्धियां विद्यालय के लिए गर्व का विषय हैं और अन्य विद्यार्थियों को भी खेलों के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा देती हैं।
इस अवसर पर पी.टी.ए. अध्यक्ष तथा समस्त अध्यापक वर्ग ने भी अश्मित को उसकी उपलब्धि के लिए बधाई दी और प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय एवं जिला का नाम रोशन करने की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *