कृष्णगढ़ उप तहसील के नायब तहसीलदार सूरत सिंह ने बुधवार को उप तहसील परिसर में कार्यालय स्टाफ के साथ अपना 59वां जन्मदिन सादगीपूर्ण ढंग से मनाया। इस अवसर पर उन्होंने कार्यालय परिसर में केक काटा। कार्यालय स्टाफ के सदस्यों ने उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ, सुखद एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।
जन्मदिन के अवसर पर सूरत सिंह ने अपने कार्यकाल से जुड़ी जानकारी साझा करते हुए बताया कि उन्होंने कृष्णगढ़ उप तहसील में नायब तहसीलदार के पद पर जुलाई 2023 से अक्टूबर 2025 तक सेवाएं प्रदान कीं। इस दौरान उन्होंने राजस्व संबंधी कार्यों के साथ-साथ आम जनता से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने का प्रयास किया। उनके कार्यों को क्षेत्र में सराहना मिली और उन्होंने आम लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए हमेशा तत्परता से कार्य किया।
उन्होंने बताया कि उनके उत्कृष्ट कार्य एवं सेवाभाव को देखते हुए जिला उपायुक्त मनमोहन शर्मा, क्षेत्र के विधायक चौधरी रामकुमार तथा मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के प्रयासों से उन्हें सेवानिवृत्ति के बाद जनहित में दोबारा सेवा विस्तार प्रदान किया गया। सेवा विस्तार मिलने के बाद सूरत सिंह वर्तमान में कृष्णगढ़ उप तहसील में बतौर नायब तहसीलदार अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
सूरत सिंह ने कहा कि सरकारी सेवा में रहते हुए आम जनता की समस्याओं का समाधान करना और लोगों को समय पर राजस्व संबंधी सुविधाएं उपलब्ध करवाना उनकी प्राथमिकता रही है। उन्होंने कहा कि अधिकारियों और कर्मचारियों का दायित्व है कि वे लोगों के कार्यों को पारदर्शिता एवं जिम्मेदारी के साथ पूरा करें।
जन्मदिन के अवसर पर कार्यालय स्टाफ ने सूरत सिंह के साथ खुशियां साझा कीं और उन्हें शुभकामनाएं दीं। इस दौरान कार्यालय का माहौल खुशनुमा रहा। स्टाफ सदस्यों ने उनके लंबे एवं स्वस्थ जीवन की कामना करते हुए कहा कि उनके अनुभव और कार्यशैली से कार्यालय में कार्यरत कर्मचारियों को भी मार्गदर्शन मिलता है।






