बुघार कनैता(पवन सिंघ)।
जिला सोलन की उपतहसील कृष्णगढ़ के अंतर्गत ग्राम पंचायत बुघार कनैता में शुक्रवार को ग्राम सभा का आयोजन पंचायत घर में किया गया। ग्राम सभा में लगभग 150 ग्रामीणों, महिला मंडल, युवक मंडल तथा स्वयं सहायता समूहों के सदस्यों ने भाग लेकर पंचायत के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। बैठक में ग्राम पंचायत के आय-व्यय अनुमोदन, VB-GRAM G योजना के अंतर्गत वर्ष 2026-27 एवं 2027-28 के लिए प्रस्तावित
अतिरिक्त शेल्फ, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (NFSA) के तहत पात्र लाभार्थियों के चयन, परिवार विभाजन से संबंधित प्राप्त आवेदनों के अनुमोदन तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों की प्राथमिकता सूची तैयार करने सहित विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
ग्राम पंचायत उप प्रधान प्रेम दत्त शर्मा ने उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित करते हुए केंद्र एवं प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी तथा लोगों से योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया। वहीं पंचायत प्रधान रमेश कुमार ने ग्राम सभा में बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीणों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पंचायत के विकास में जनता की सहभागिता सबसे महत्वपूर्ण है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से मनीषा ने स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा करते हुए लोगों को जागरूक किया। स्थानीय महिला ज्योति ठाकुर ने महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से घर बैठे स्वरोजगार एवं आत्मनिर्भर बनने के अवसरों के बारे में जानकारी दी और अधिक से अधिक महिलाओं को इन समूहों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। ग्राम सभा के दौरान स्वच्छता को विशेष प्राथमिकता देते हुए ग्रामीणों से अपने गांव और आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने का आह्वान किया गया। बैठक में यह भी आश्वासन दिया गया कि पंचायत द्वारा शेल्फ में शामिल किए गए विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा तथा लंबित कार्यों को शीघ्र धरातल पर उतारा जाएगा।
प्रधान रमेश कुमार और उप प्रधान प्रेम दत्त शर्मा ने ग्राम सभा को सफल बनाने के लिए सभी उपस्थित ग्रामीणों, महिला मंडलों, युवक मंडलों और स्वयं सहायता समूहों का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि पंचायत के विकास में जनता का सहयोग और सहभागिता ही सबसे बड़ी ताकत है।






