अर्की। अर्की क्षेत्र के रठो, मांगू, सेरा, कशलोग सहित अर्की, कुनिहार और दाड़लाघाट के आसपास तेंदुओं की लगातार मौजूदगी से लोगों में दहशत का माहौल है। पिछले कुछ दिनों से विभिन्न क्षेत्रों में तेंदुए देखे जाने की सूचना सामने आ रही है। हाल ही में एक गांव में तेंदुए के हमले में व्यक्ति की मौत की घटना ने भी लोगों की चिंता बढ़ा दी है।
स्थानीय लोगों के अनुसार तेंदुआ जमीन के साथ-साथ पेड़ों पर भी छिपकर बैठ सकता है, ऐसे में विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। लोगों से अपील की गई है कि शाम पांच बजे के बाद बच्चों और बुजुर्गों को अकेले बाहर न भेजें। सुबह-शाम खेतों और जंगल की ओर अकेले जाने से बचें तथा जरूरत पड़ने पर टॉर्च और डंडा साथ रखें। पशुओं को भी शाम होते ही सुरक्षित स्थान पर बांधने और घरों के आसपास झाड़ियां व कूड़ा साफ रखने की सलाह दी गई है।
तेंदुआ दिखाई देने पर लोग खुद उसे पकड़ने या उसके करीब जाने का प्रयास न करें। इसकी सूचना तुरंत वन विभाग अर्की को दें और आसपास के लोगों को सतर्क करें। तेंदुए की बढ़ती गतिविधियों को देखते हुए सावधानी और सतर्कता ही सबसे बड़ा बचाव है।
कैप्शन:
अर्की क्षेत्र में तेंदुए की दहशत, शाम ढलते ही सतर्क रहें लोग






