कुनिहार
श्री रामलीला जनकल्याण समिति कुनिहार की ओर से आयोजित फुटबॉल प्रतियोगिता का खिताब फीफा इलेवन ने अपने नाम कर लिया। फाइनल मुकाबले में फीफा इलेवन ने सहावर की टीम को 4-2 से हराकर जीत दर्ज की। प्रतियोगिता में स्थानीय क्षेत्र की 20 टीमों ने भाग लिया। प्रतियोगिता के दौरान प्रतिदिन दो मैच खेले गए।
फाइनल मुकाबले में दीपक चौधरी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। खेल समिति के सदस्यों प्रिंस खुराना, अमन अत्री, अरविंद जोशी, मुकेश शर्मा और गौरव शर्मा ने मुख्य अतिथि को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर दीपक चौधरी ने कहा कि श्री रामलीला जनकल्याण समिति पिछले 40 वर्षों से रामलीला का मंचन करने के साथ-साथ खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने में भी अहम भूमिका निभा रही है। समिति का यह प्रयास सराहनीय है। खेल प्रतियोगिताओं से युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है। साथ ही उनमें अनुशासन, खेल भावना और आपसी भाईचारे की भावना विकसित होती है।
प्रतियोगिता के समापन पर मुख्य अतिथि ने विजेता फीफा इलेवन की टीम को 11 हजार रुपये की नकद राशि और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। वहीं, उपविजेता सहवार की टीम को 5100 रुपये और ट्रॉफी प्रदान की गई।

प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों और खेल अधिकारियों को भी सम्मानित किया गया। विक्रांत चौधरी को टॉप स्कोरर, मनोज गर्ग को बेस्ट गोलकीपर और रोहित ठाकुर को बेस्ट रेफरी के पुरस्कार से नवाजा गया।
इस अवसर पर खेल समिति के सभी सदस्य मौजूद रहे।






