ग्रामीणों को सिलेंडर ढोने से मिलेगी राहत, महिलाओं और बुजुर्गों को होती है परेशानी
अर्की। जिला परिषद सदस्य सूरजपुर वार्ड शशिकांत शर्मा ने ग्राम पंचायत बखालग के बेहली-मोहल संपर्क मार्ग पर घरेलू गैस वितरण वाहन की नियमित सेवा शुरू करने की मांग उठाई है। इस संबंध में उन्होंने उपायुक्त सोलन को ज्ञापन सौंपकर ग्रामीणों की समस्या से अवगत करवाया।
शशिकांत शर्मा ने बताया कि बेहली, मोहल और मोहल की हरिजन बस्ती के लोगों को घरेलू गैस सिलेंडर लेने के लिए मुख्य सड़क तक पैदल जाना पड़ता है। इसके बाद भारी सिलेंडरों को सिर और कंधों पर उठाकर घर तक पहुंचाना पड़ता है। इससे ग्रामीणों, विशेषकर महिलाओं और बुजुर्गों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने कहा कि बेहली से मोहल तक का संपर्क मार्ग छोटे और मध्यम वाहनों की आवाजाही के लिए उपयुक्त है। इस मार्ग की फिटनेस रिपोर्ट जारी करने के लिए लोक निर्माण विभाग को भी लिखा जा चुका है। उन्होंने प्रशासन से संबंधित गैस एजेंसी को इस मार्ग पर नियमित रूप से गैस वितरण वाहन भेजने के निर्देश देने की मांग की, ताकि ग्रामीणों को घर-द्वार पर गैस सिलेंडर उपलब्ध हो सकें।
ज्ञापन की प्रतियां एसडीएम अर्की, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग तथा संबंधित गैस एजेंसी को भी आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई हैं। शशिकांत शर्मा के अनुसार, उपायुक्त सोलन ने समस्या के समाधान के लिए शीघ्र कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।






