Latest News
संत रविदास के विचार आज भी सामाजिक समरसता और राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरणास्रोत : देशराज ठाकुर स्वर्गीय प्रभावती गौतम की स्मृति में मानव कल्याण समिति ने लगाया नि:शुल्क चिकित्सा शिविर 125 से अधिक मरीजों की जांच, 35 जरूरतमंदों को मुफ्त चश्मे वितरित; दवाइयां भी निशुल्क दीं अर्की में राज्य स्तरीय भाषण प्रतियोगिता में कुनाल कुमार ने हासिल किया प्रथम स्थान अंडर-19 डिक्लेमेशन प्रतियोगिता में प्रदेशभर के प्रतिभागियों के बीच शानदार प्रदर्शन, एसवीएन स्कूल बड़ोर घाटी का बढ़ाया गौरव प्रो. रजनी सांख्यान ने राजकीय महाविद्यालय अर्की के प्राचार्य पद का कार्यभार संभाला। कैसा रहेगा आज आपका दिन,पढ़ें पञ्चाङ्ग व अपना सम्पूर्ण राशिफल क्लस्टर स्तरीय कला उत्सव में जवाहर नवोदय विद्यालय कुनिहार की नाटी ने बटोरी वाहवाही
Home » Uncategorized » कराटे में दो सगी बहनों ने जीते स्वर्ण पदक, राष्ट्रीय चैंपियनशिप के लिए चयन मन्नत चंदेल ने अंडर-19 और जन्नत चंदेल ने अंडर-17 वर्ग में हासिल किया पहला स्थान, स्टार गोजू-रयू कराटे फेडरेशन में हुआ स्वागत

कराटे में दो सगी बहनों ने जीते स्वर्ण पदक, राष्ट्रीय चैंपियनशिप के लिए चयन मन्नत चंदेल ने अंडर-19 और जन्नत चंदेल ने अंडर-17 वर्ग में हासिल किया पहला स्थान, स्टार गोजू-रयू कराटे फेडरेशन में हुआ स्वागत

Share:

कुनिहार (सोलन)। कराटे प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर स्टार गोजू-रयू कराटे फेडरेशन की दो सगी बहनों ने क्षेत्र का नाम रोशन किया है। स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसजीएफआई) के बैनर तले हमीरपुर में आयोजित राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में मन्नत चंदेल और जन्नत चंदेल ने अपने-अपने आयु वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर राष्ट्रीय कराटे चैंपियनशिप के लिए चयनित होने का गौरव हासिल किया है। दोनों बहनों की इस उपलब्धि से परिवार और फेडरेशन में खुशी का माहौल है।

राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, हमीरपुर में आयोजित राज्यस्तरीय खेल प्रतियोगिता में स्टार गोजू-रयू कराटे फेडरेशन की पांच खिलाड़ियों मन्नत चंदेल, जन्नत चंदेल, रीतिका शर्मा, संदीप्ता नेगी और अरण्याक्षा सिंह राजपूत ने भाग लिया। प्रतियोगिता में मन्नत चंदेल ने अंडर-19 आयु वर्ग में स्वर्ण पदक अपने नाम किया, जबकि उनकी छोटी बहन जन्नत चंदेल ने अंडर-17 आयु वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। दोनों खिलाड़ियों का चयन अब राष्ट्रीय कराटे चैंपियनशिप के लिए हुआ है।

छह वर्षों से ले रही हैं प्रशिक्षण

स्टार गोजू-रयू कराटे फेडरेशन के संस्थापक एवं मुख्य प्रशिक्षक शिहान संजय ठाकुर ने बताया कि मन्नत चंदेल सीनियर सेकेंडरी स्कूल भोजनगर में जमा एक की छात्रा हैं। वह वर्ष 2025 में भी स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के बैनर तले आयोजित राष्ट्रीय कराटे चैंपियनशिप में भाग ले चुकी हैं। वहीं, जन्नत चंदेल एनवीएन पब्लिक स्कूल, नैना टिक्कर में शिक्षा ग्रहण कर रही हैं। दोनों बहनें पिछले छह वर्षों से शिहान संजय ठाकुर से कराटे का प्रशिक्षण ले रही हैं।

फेडरेशन ने किया सम्मानित

राष्ट्रीय चैंपियनशिप के लिए चयनित होने के बाद अकादमी पहुंचने पर दोनों बहनों का फेडरेशन के अध्यक्ष ठाकुर मोहिंदर सिंह और अन्य सदस्यों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। फेडरेशन के चेयरमैन राज कुमार सिंगला ने भी दोनों खिलाड़ियों और उनके अभिभावकों को बधाई देते हुए राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।

शिहान संजय ठाकुर ने खिलाड़ियों की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि बच्चों की उपलब्धियों में प्रशिक्षकों और अभिभावकों के साथ स्थानीय स्तर पर मिलने वाले सहयोग की भी अहम भूमिका रहती है। उन्होंने चेवा पंचायत के प्रधान रमेश चौहान के सहयोग का भी उल्लेख किया।

मन्नत और जन्नत के पिता घनश्याम तथा माता जियावंती ने बेटियों की उपलब्धि पर खुशी जाहिर की। दोनों बहनों के स्वर्ण पदक जीतने और राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित होने से क्षेत्र में खुशी की लहर है। उनकी सफलता अन्य बेटियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *