कुनिहार, सोलन
बी.एल. सेंट्रल पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल, कुनिहार की होनहार खिलाड़ी करुणा ने अपनी शानदार खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम रोशन किया है। करुणा का चयन राष्ट्रीय स्तरीय शॉटपुट खेलकूद प्रतियोगिता के लिए हुआ है। यह प्रतियोगिता मध्य प्रदेश में आयोजित की जाएगी। करुणा की
इस उपलब्धि से विद्यालय में खुशी और उत्साह का माहौल है।जानकारी देते हुए विद्यालय के अध्यक्ष गोपाल शर्मा ने बताया कि विद्यालय के 14 छात्र-छात्राओं ने अंडर-14 एवं अंडर-19 वर्ग में राज्य स्तरीय टेबल टेनिस, शतरंज, बास्केटबॉल एवं शॉटपुट सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। इन प्रतियोगिताओं में विद्यालय के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 10 पदक एवं स्थान हासिल कर विद्यालय की खेल उपलब्धियों में एक और स्वर्णिम अध्याय जोड़ दिया।राज्य स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों में टेबल टेनिस में कुशाग्री जोशी, वंशिका, भविता एवं यशिता ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक हासिल किए।शतरंज (छात्रा वर्ग) में कृतिका, एंजलीना एवं वैष्णवी ने दूसरा स्थान प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।शतरंज (छात्र वर्ग) में रुबल ने तीसरा स्थान हासिल किया।बास्केटबॉल में स्वस्तिक कश्यप ने तीसरा स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।शॉटपुट में करुणा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक (सिल्वर मेडल) अपने नाम किया तथा राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित होकर विद्यालय को विशेष गौरव दिलाया।इस शानदार उपलब्धि पर विद्यालय अध्यक्ष गोपाल शर्मा ने सभी पदक विजेता खिलाड़ियों को मिठाई खिलाकर सम्मानित किया तथा उन्हें उज्ज्वल खेल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विशेष रूप से राष्ट्रीय स्तर के लिए चयनित करुणा को बधाई देते हुए उसके माता-पिता को भी इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर शुभकामनाएं दीं।विद्यालय अध्यक्ष ने खिलाड़ियों की इस सफलता का श्रेय उनके कठिन परिश्रम, अनुशासन, निरंतर अभ्यास एवं शारीरिक शिक्षकों के कुशल मार्गदर्शन को देते हुए शारीरिक शिक्षक अमर देव एवं अरुणा शर्मा के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए उपनिदेशक स्कूल शिक्षा, सोलन तथा जिला खेल शिक्षा अधिकारी का भी आभार व्यक्त किया और खिलाड़ियों को उचित मार्गदर्शन एवं प्रोत्साहन प्रदान करने के लिए धन्यवाद किया।
इस अवसर पर पीटीए अध्यक्ष रतन लाल तंवर सहित विद्यालय के समस्त अध्यापक वर्ग ने भी सभी खिलाड़ियों को बधाई दी और करुणा के राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन की कामना की।
विद्यालय अध्यक्ष गोपाल शर्मा ने कहा कि बी.एल. स्कूल कुनिहार शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद के क्षेत्र में भी निरंतर नई ऊंचाइयां छू रहा है। विद्यालय के विद्यार्थी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि भविष्य में भी विद्यालय के खिलाड़ी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर क्षेत्र, जिला एवं प्रदेश का नाम रोशन करते रहेंगे।
करुणा का राष्ट्रीय स्तर के लिए चयन विद्यालय की खेल प्रतिभा, मेहनत और उत्कृष्ट खेल प्रशिक्षण का गौरवपूर्ण प्रमाण है।






