अर्की शहनाज़
अर्की उपमंडल के अंतर्गत ग्राम पंचायत बखालग के गांव कलर में आग लगने से एक मकान को भारी नुकसान पहुंचा है। इस अग्निकांड में मकान के अंदर रखा करीब एक लाख रुपये का घरेलू सामान जलकर राख हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मिथुन पुत्र पूरन निवासी गांव कलर, डाकघर बखालग, तहसील अर्की के मकान में आग लग गई। आग लगने के कारण मकान के अंदर रखा पूरा घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गया। इस घटना में मकान को भी काफी क्षति पहुंची है।
घटना की सूचना मिलने पर ग्राम पंचायत बखालग के प्रधान सुरेंद्र पाठक ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और नुकसान का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान आग लगने से मकान एवं घरेलू सामान को हुए नुकसान की पुष्टि की गई।
ग्राम पंचायत प्रधान की ओर से जारी मौका रिपोर्ट में बताया गया है कि अग्निकांड में करीब एक लाख रुपये का घरेलू सामान जलकर नष्ट हुआ है। पंचायत की ओर से संबंधित विभाग एवं प्रशासन से प्रभावित परिवार को आवश्यक सहायता प्रदान करने तथा उचित आगामी कार्रवाई करने का आग्रह किया गया है।






