दाड़लाघाट। प्रदेश राज्य विद्युत सेवानिवृत्त कर्मचारी एसोसिएशन की दाड़लाघाट एवं नम्होल यूनिट की मासिक बैठक ई. बृजलाल ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में बड़ी संख्या में सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने भाग लिया और अपनी समस्याएं एसोसिएशन के समक्ष रखीं। अध्यक्ष प्रेम केशव ने बताया कि बैठक की शुरुआत में एसोसिएशन मंडी के पूर्व महासचिव एवं बिजली बोर्ड कर्मचारी एसोसिएशन में भी महासचिव रहे स्वर्गीय चंद्र सिंह मडयाल को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। विजय ठाकुर ने उनके योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने हमेशा कर्मचारियों के हितों की पैरवी की। इस दौरान उपस्थित सभी सदस्यों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। एसोसिएशन के सचिव बृजलाल ठाकुर ने अपने संबोधन में सभी
सेवानिवृत्त कर्मचारियों से संगठन की गतिविधियों को आगे बढ़ाने और हर माह आयोजित होने वाली बैठकों में नियमित रूप से भाग लेने का आग्रह किया। यूनिट अध्यक्ष प्रेम केशव ने हिमाचल प्रदेश सरकार और बिजली बोर्ड प्रबंधन का 5 प्रतिशत महंगाई भत्ता जारी करने के लिए आभार जताया। उन्होंने उम्मीद जताई कि सेवानिवृत्त कर्मचारियों को महंगाई भत्ते के बकाया एरियर का भुगतान भी जल्द किया जाएगा। उन्होंने बताया कि बिजली बोर्ड की ओर से प्रदेश सरकार की तर्ज पर बकाया एरियर के भुगतान के आदेश जारी किए जा चुके हैं। कर्मचारियों ने प्रबंधन से जल्द भुगतान सुनिश्चित करने की उम्मीद जताई। उन्होंने बताया कि केंद्रीय एसोसिएशन के निर्देशानुसार 16 और 17 नवंबर को कुल्लू यूनिट में बैठक आयोजित की जाएगी। इसके लिए डेलीगेट्स के नाम भी जल्द भेज दिए जाएंगे। बैठक में बृजलाल ठाकुर, विजय ठाकुर, प्रेम केशव, कमल ठाकुर, प्रेम लाल, बहादुर, पार्वती ठाकुर, सुहारू राम, मस्त राम, परस राम, दिलु राम सहित अन्य सेवानिवृत्त कर्मचारी उपस्थित रहे।






