कुनिहार
मानव सेवा और निस्वार्थ समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले एक समाजसेवी बॉबी को देश के लोकप्रिय टीवी शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ में प्रतिष्ठित ‘फोर्स ऑफ गुड’ अवॉर्ड के लिए चुना गया है। यह उनके लिए ही नहीं, बल्कि उन सभी लोगों के लिए गर्व का क्षण है, जो वर्षों से उनके सेवा कार्यों में सहयोग देते आ रहे हैं।

सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन पर प्रसारित होने वाले महानायक अमिताभ बच्चन के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘कौन बनेगा करोड़पति’ में उनके सेवा कार्यों पर आधारित एक विशेष रील दिखाई गई। इस रील को केबीसी की टीम ने पिछले महीने शिमला में तैयार किया था। कार्यक्रम में उन्हें अमिताभ बच्चन से मिलने और अपने सामाजिक कार्यों के बारे में विस्तार से बताने का अवसर भी मिला।
समाजसेवी बॉबी ने अमिताभ बच्चन को बताया कि वह पिछले 12 वर्षों से शिमला में अपने सहयोगियों और मित्रों के साथ मिलकर प्रतिदिन लगभग 4 हजार लोगों की सेवा कर रहे हैं। इसके साथ ही पिछले 28 वर्षों से शव वाहन के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को अंतिम संस्कार के लिए पार्थिव शरीर पहुंचाने की सेवा भी कर रहे हैं।
उन्होंने इस मुलाकात को अपने जीवन का एक अविस्मरणीय सपना साकार होने जैसा अनुभव बताया। उन्होंने कहा कि लगभग चार घंटे तक सेट पर रहकर अमिताभ बच्चन को करीब से देखने का अवसर मिला। इतनी उम्र में भी उनकी ऊर्जा, कार्य के प्रति समर्पण, प्रत्येक व्यक्ति से मिलने का विनम्र अंदाज और सहज व्यवहार देखकर वह बेहद प्रभावित हुए।
उन्होंने भावुक होते हुए बताया कि जब उन्होंने सम्मान स्वरूप अमिताभ बच्चन के पैर छूने का प्रयास किया तो अमिताभ बच्चन ने उन्हें ऐसा करने से रोक दिया और स्वयं उनके पैर छूने का प्रयास किया। उनके इस विनम्र व्यवहार ने दिल को छू लिया। उन्होंने कहा कि देश के इतने बड़े महानायक का इतना सरल, सहज और विनम्र होना वास्तव में प्रेरणादायक है।
उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय अपने सभी मित्रों, सहयोगियों और शुभचिंतकों को देते हुए कहा कि उनके निरंतर सहयोग और आशीर्वाद के बिना इतने वर्षों तक मानव सेवा का यह सफर संभव नहीं था। उन्होंने सभी से अपील की कि वे केबीसी का यह विशेष एपिसोड अवश्य देखें और मानवता की सेवा के कार्यों को आगे बढ़ाने में अपना योगदान दें।
उन्होंने वाहेगुरु जी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जीवन में निस्वार्थ भाव से की गई सेवा कभी व्यर्थ नहीं जाती। उनका संदेश है— ‘अच्छा करो, अच्छा ही लौटकर आएगा।’






