दाड़लाघाट। राजकीय केंद्र प्राथमिक पाठशाला कंसवाला में शिक्षा खंड धुंदन की ओर से एमडीएम (मिड-डे मील) योजना के तहत खंड स्तरीय खाना पकाने की प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें शिक्षा खंड धुंदन की विभिन्न पाठशालाओं से आई एमडीएम कुक-कम-हेल्परों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपने पाक-कौशल का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को पौष्टिक, स्वच्छ, स्वादिष्ट और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध करवाने के लिए एमडीएम कार्यकर्ताओं को प्रोत्साहित करना था।
प्रतियोगिता में भोजन का स्वाद, गुणवत्ता, पौष्टिकता, स्वच्छता, प्रस्तुतीकरण और कार्य करने के तरीके सहित छह मापदंडों के आधार पर प्रतिभागियों का मूल्यांकन किया गया। इस दौरान अध्यापकों और स्कूल प्रबंधन समिति के सदस्यों ने निर्णायक मंडल की भूमिका निभाई। प्रतियोगिता में राजकीय प्राथमिक पाठशाला कंसवाला की एमडीएम कुक सपना देवी ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि राजकीय उच्च पाठशाला कंसवाला की रमा देवी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी एमडीएम कुक-कम-हेल्परों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी बृज लाल पंवर ने विशेष रूप से शिरकत की। उन्होंने विजेताओं और सभी प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को पौष्टिक एवं स्वच्छ भोजन उपलब्ध करवाने में एमडीएम कुक-कम-हेल्परों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उनका समर्पण और मेहनत बच्चों के स्वास्थ्य और विद्यालय के बेहतर वातावरण में महत्वपूर्ण योगदान देता है। कार्यक्रम के सफल आयोजन में स्थानीय पाठशाला के अध्यापक पंकज ठाकुर और हेमराज वर्मा सहित अन्य पाठशालाओं से पहुंचे अध्यापक कुलदीप ठाकुर, अनिल और रमेश कुमार ने महत्वपूर्ण योगदान दिया। इस अवसर पर स्कूल प्रबंधन समिति के सदस्य, अभिभावक और अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहे।






