कुनिहार
15 नवंबर 2026 को पुलिस पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन, जिला सोलन की त्रैमासिक महासभा की बैठक नालागढ़ (बी.बी.एन.) में आयोजित की गई। बैठक में एसोसिएशन के समस्त सदस्यों एवं कार्यकारिणी ने भाग लिया। इस अवसर पर अध्यक्ष पुष्प लता सूद, महासचिव जसवीर सिंह, वरिष्ठ उपाध्यक्ष जीत राम भारद्वाज, सलाहकार एवं सचिव विजय धीमान,प्रैस सचिव निर्मल सिंह ठाकुर सचिव नित्य प्रकाश तनवर, सलाहकार श्याम लाल ठाकुर एव श्याम लाल भाटिया , उप प्रधान संत राम चंदेल सहित संगठन के लगभग 70 सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान प्रदेश सरकार एवं पुलिस विभाग के समक्ष पेंशनरों की लंबे समय से लंबित मांगों तथा नई आवश्यकताओं को पुरजोर तरीके से रखते हुए उन पर गंभीरतापूर्वक विचार कर शीघ्र पूरा करने का आग्रह किया गया।
बैठक में पारित प्रमुख मांगें निम्नलिखित हैं:
1. तहसील अथवा थाना स्तर पर मोबाइल कैंटीन: फौजी पेंशनरों की तर्ज पर प्रत्येक जिले में मोबाइल कैंटीन की व्यवस्था की जाए, जो पुलिस लाइन से सस्ता घरेलू सामान लेकर नियमित रूप से प्रत्येक तहसील मुख्यालय एवं पुलिस थाना क्षेत्र में जाए, ताकि वरिष्ठ एवं वृद्ध पुलिस पेंशनर अपने नजदीकी स्थान से ही आसानी से सामान खरीद सकें।
2. निधन पर ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ के स्थायी आदेश: किसी भी सेवानिवृत्त पुलिस कर्मी अथवा ड्यूटी पर तैनात अधिकारी/कर्मचारी के निधन होने पर उनके अंतिम संस्कार के समय ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ (पूर्ण पुलिस सम्मान) दिया जाना सुनिश्चित किया जाए तथा इस संबंध में पुलिस मुख्यालय (PHQ) से स्थायी आदेश जारी किए जाएं।
3. लंबित देनदारियां एवं 13% डी.ए. (DA) की अदायगी: पुलिस पेंशनरों की वर्षों से लंबित सभी वित्तीय देनदारियों का शीघ्र भुगतान किया जाए तथा बकाया 13% महंगाई भत्ते (DA) को एरियर सहित जल्द जारी किया जाए। जो पैंनशर का उम्र के अनुसार 5% हर पांच वर्ष पूर्ण होने पर दिया जाता है इस 5% बढौतरी को पैंशनर की बेसिक पैंशन के साथ मर्ज किया जाए।
4. मेडिकल बिलों के लिए पर्याप्त बजट: लाखों रुपये के मेडिकल बिल कई वर्षों से भुगतान के लिए लंबित हैं। सरकार द्वारा जारी किए गए सीमित बजट का स्वागत करते हुए एसोसिएशन मांग करती है कि गंभीर बीमारियों से जूझ रहे पेंशनरों को राहत देने के लिए शीघ्र पर्याप्त बजट का प्रावधान किया जाए।
5. 2016 से 2022 के मध्य सेवानिवृत्त कर्मियों का भुगतान: वर्ष 2016 से 2022 के बीच सेवानिवृत्त हुए सभी पुलिस कर्मियों के संशोधित वेतनमान, ग्रेच्युटी, लीव एन्कैशमेंट और कम्युटेशन आदि के लंबित बकाया (एरियर) का भुगतान अविलंब एकमुश्त किया जाए। सरकार द्वारा कम्युटेशन को रविजन न करने के आदेश जारी किए हैं उन्हें वापिस लिया जाए।
6. रिटायरमेंट के एक माह के भीतर सभी फंडों का भुगतान: पुलिस विभाग से सेवानिवृत्त होने वाले प्रत्येक कर्मचारी को नियमानुसार मिलने वाले सभी फंड एवं देनदारियों का भुगतान सेवानिवृत्ति के एक महीने के भीतर सुनिश्चित किया जाए।
7. पुलिस भर्ती में आश्रितों को आरक्षण: पुलिस विभाग की भर्तियों में पुलिस कर्मियों एवं पेंशनरों के बच्चों के लिए कुछ पद (सीटें) आरक्षित की जाएं।
8.जबभी पुलिस महानिदेशक महोदय का दौरा किसी जिला का हो तो पुलिस पैंनशर वैलफेयर एसोसिएशन के सदस्यों को भी आमंत्रित किया जाए ताकि पुलिस पैंनशर अपनी मांगों को पुलिस महानिदेशक महोदय के समक्ष रखा सके। इसके अतिरिक्त पुलिस मुख्यालय से जारी SOP के अनुसार जिला की पैंशनर मिंटीग बुलाई जानी चाहिए।
एसोसिएशन ने प्रदेश सरकार एवं पुलिस प्रशासन से आशा व्यक्त की है कि सेवानिवृत्त पुलिस कर्मियों के सम्मान और कल्याण से जुड़ी इन सभी जायज मांगों को सहानुभूतिपूर्वक स्वीकार करते हुए जल्द से जल्द लागू किया जाएगा।






