दाड़लाघाट। हिमाचल प्रदेश संयुक्त भू-व्यवस्था पटवार एवं कानूनगो संघ ने राजस्व विभाग में कानूनगो से नायब तहसीलदार के पदों पर पदोन्नति प्रक्रिया जल्द पूरी करने की मांग उठाई है। संघ के प्रदेश महासचिव सीआर पाल ने कहा कि पदोन्नति प्रक्रिया शुरू हुए करीब 8 से 9 महीने बीत चुके हैं, लेकिन अभी तक इसे अंतिम रूप नहीं दिया गया है। उन्होंने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू और राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी से इस मामले में
व्यक्तिगत हस्तक्षेप कर विभागीय अधिकारियों को जल्द प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश देने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि पदोन्नति में अनावश्यक देरी से पात्र कानूनगो कर्मचारियों में निराशा है। कई कर्मचारी पदोन्नति का लाभ मिले बिना ही सेवानिवृत्ति की कगार पर पहुंच गए हैं। सीआर पाल ने कहा कि नायब तहसीलदार के रिक्त पदों को समय पर भरने से कर्मचारियों को उनका हक मिलेगा और राजस्व विभाग के प्रशासनिक कार्यों के साथ आम जनता से जुड़े मामलों के निपटारे में भी तेजी आएगी। संघ ने प्रदेश सरकार से कर्मचारियों की इस मांग पर सहानुभूतिपूर्वक विचार कर जल्द पदोन्नति आदेश जारी करने की मांग की है।






