कुनिहार:-
बी० एल सेंट्रल पब्लिक वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, कुनिहार में सदनों का 31वां शपथ समारोह बड़े ही उत्साह, गरिमा एवं अनुशासन के साथ आयोजित किया गया। इस भव्य आयोजन में सहायक थाना प्रभारी पुलिस थाना कुनिहार महेंद्र सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे इनके साथ पुलिस विभाग से नारायण दास व् बालक राम भी मौजूद रहे । कार्यक्रम का शुभारंभ सदनों की प्रभारी शिवानी शर्मा द्वारा मंच संचालन के साथ किया गया। मुख्य अतिथि का विद्यालय की बैंड पार्टी द्वारा भव्य स्वागत किया गया, जिसने पूरे वातावरण को उत्साहपूर्ण बना दिया। इसके उपरांत मुख्य अतिथि द्वारा दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत की गई। समारोह के दौरान मुख्य अतिथि ने चारों सदनों—साहा सदन, भाभा सदन, बोस सदन और रमन सदन—के विद्यार्थियों को कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन एवं नेतृत्व क्षमता की शपथ दिलाई। विद्यार्थियों ने आकर्षक मॉस पीटी प्रस्तुत कर अपने अनुशासन और समर्पण का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। विद्यालय के ये चारों सदन महान भारतीय वैज्ञानिकों के नाम पर आधारित हैं, जिनका उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच एवं प्रेरणा का संचार करना है। विद्यालय अध्यक्ष गोपाल शर्मा ने मुख्य अतिथि को मफलर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया तथा अन्य अतिथियों को भी स्मृति चिन्ह प्रदान किए। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों को नेतृत्व के महत्व और जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। सदनों की प्रभारी शिवानी शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष विद्यालय कप्तान के रूप में चैतन्य (बालक वर्ग) एवं सुम्रिता ठाकुर (बालिका वर्ग) का चयन किया गया। इसके अतिरिक्त विभिन्न क्षेत्रों के लिए कप्तानों का चयन भी किया गया, जिनमें खेल कप्तान अंश कौशल एवं वंशिका ठाकुर, संगीत कप्तान चिराग, पारुल, मतली एवं जन्नत, अनुशासन कप्तान गीनात्श एवं मन्नत, प्रातः सभा कप्तान अभिषेक एवं भव्य, एनएसएस कप्तान गौरव एवं दीक्षा, एनसीसी कप्तान नितिन एवं मोनिका, डिजिटल कप्तान जतिन शर्मा एवं नमन शर्मा, इको क्लब कप्तान मृदुल एवं इशिता, स्काउट्स एंड गाइड्स कप्तान पारुल एवं सिया तथा कराटे कप्तान आर्यन को जिम्मेदारियां सौंपी गईं।सदन स्तर पर भी विद्यार्थियों ने शपथ ग्रहण की, जिसमें साहा सदन से समीक्षा एवं मिहिर, रमन सदन से गार्गी एवं अश्मित, बोस सदन से वंशिका एवं हार्दिक तथा भाभा सदन से याशिका एवं कुसुमित को कप्तान एवं उपकप्तान के रूप में चुना गया।कार्यक्रम में विद्यार्थियों द्वारा समूह गान, पीटी एवं योग क्रियाओं का मनमोहक प्रदर्शन किया गया, जिसने सभी उपस्थित जनों को मंत्रमुग्ध कर दिया।अपने संबोधन में मुख्य अतिथि महेंद्र सिंह ने विद्यालय प्रबधन के कार्य की सराहना की और विद्यार्थियों को जीवन के पांच महत्वपूर्ण मूल्यों—स्वास्थ्य, बड़ों का सम्मान, शिक्षा, सामाजिक व्यवहार एवं आत्मनिर्भरता—के बारे में प्रेरणादायक विचार साझा किए। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं समग्र विकास के प्रयासों की सराहना की।इस अवसर पर विद्यालय के उप-प्रधानाचार्य पुरुषोत्तम लाल, मुख्याध्यापिका सुषमा शर्मा, समस्त अध्यापकगण एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ किया गया।यह समारोह विद्यार्थियों में नेतृत्व, अनुशासन और जिम्मेदारी की भावना विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।






