बढ़लग पवन सिंघ:-
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बढ़लग ने इस वर्ष 10वीं बोर्ड परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। विद्यालय का परीक्षा परिणाम 92 प्रतिशत रहा, जिससे विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है। विद्यालय की मेधावी छात्रा सिमरन ने 700 में से 677 अंक प्राप्त कर पहला स्थान हासिल किया। वहीं दिव्यांशी ने 670 अंक लेकर दूसरा तथा आयुषी ने 665 अंक प्राप्त कर तीसरा स्थान हासिल किया। तीनों छात्राओं की इस उपलब्धि पर विद्यालय प्रशासन, अध्यापक वर्ग और अभिभावकों ने खुशी जताते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। जानकारी के अनुसार इस वर्ष विद्यालय से कुल 24 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी, जिनमें से 22 विद्यार्थी सफल रहे। एक विद्यार्थी को कम्पार्टमेंट तथा एक विद्यार्थी परीक्षा में असफल रहा विद्यालय के प्रधानाचार्य ने कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है। उन्होंने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए भविष्य में भी इसी तरह मेहनत करने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय के शानदार परीक्षा परिणाम से पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है और लोग विद्यार्थियों की इस सफलता पर उन्हें लगातार बधाइयां दे रहे हैं।






