अर्की:
स्वास्थ्य विभाग सीएच अर्की द्वारा लक्षय इंस्टिट्यूट ऑफ एजुकेशन, मंज्याट, अर्की, में एक सफल स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में जंक फूड के दुष्प्रभाव, नशा निवारण, तनाव प्रबंधन तथा टीबी, एचपीवी, थैलेसीमिया, ओवेरियन कैंसर और डेंगू जैसी बीमारियों के प्रति जागरूकता विषयों पर विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में कक्षा 8वीं से 10वीं तक के विद्यार्थियों तथा बी.एड. प्रशिक्षुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। लगभग 120 विद्यार्थियों और 15 अध्यापकों ने इस सत्र में भाग लेकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने एवं बीमारियों से बचाव संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की।
संस्थान ने हेमेन्द्र सलारिया, एमएचएस सीएच अर्की, तथा आशा कार्यकर्ता रमा शर्मा और रजनी शर्मा के प्रयासों की सराहना की, जिन्होंने इस ज्ञानवर्धक सत्र का सफल संचालन किया।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानाचार्य डॉ. प्रेम गुप्ता सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ भी उपस्थित रहा। उन्होंने विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय प्रशासन ने स्वास्थ्य विभाग का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी विद्यार्थियों और समाज के हित में ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने का अनुरोध किया।






