अर्की:-
लक्ष्य बीएड कॉलेज मंज्यात (अर्की) के प्रशिक्षु अध्यापकों ने गणपति एजुकेशन सोसाइटी कुनिहार द्वारा संचालित विशेष विद्यालय का शैक्षिक भ्रमण किया। इस भ्रमण का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को विशेष आवश्यकता वाले बच्चों की शिक्षा, शिक्षण रणनीतियों तथा समावेशी शिक्षा के व्यावहारिक पहलुओं से अवगत करवाना रहा।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य रोशन लाल शर्मा ने ओरिएंटेशन कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षु अध्यापकों को विशेष बच्चों के शिक्षण की विभिन्न विधियों, कक्षा प्रबंधन, समावेशी शिक्षा तथा संवेदनशील शिक्षक की भूमिका के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने विशेष बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए अपनाई जा रही शिक्षा रणनीतियों पर भी प्रकाश डाला।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने विशेष बच्चों के साथ संवाद किया, कक्षा गतिविधियों का अवलोकन किया तथा विशेष शिक्षा से संबंधित व्यावहारिक अनुभव प्राप्त किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापकगण एवं डॉ. कुसुम गुप्ता भी उपस्थित रहीं।
यह शैक्षिक भ्रमण प्रशिक्षु अध्यापकों के लिए ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक सिद्ध हुआ, जिससे उन्हें समावेशी शिक्षा और विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के प्रति शिक्षक की जिम्मेदारियों को समझने का महत्वपूर्ण अवसर मिला।






