Home » Uncategorized » दाड़लाघाट में चुनाव परिणाम आने के बाद समर्थकों में खुशी की लहर,श्याम सिंह चौधरी जीते प्रधान पद

दाड़लाघाट में चुनाव परिणाम आने के बाद समर्थकों में खुशी की लहर,श्याम सिंह चौधरी जीते प्रधान पद

Share:

दाड़लाघाट:- कुनिहार विकास खंड के अंतर्गत ग्राम पंचायत दाड़लाघाट में पंचायत चुनावों की मतगणना राजकीय प्राथमिक विद्यालय दाड़लाघाट में मंगलवार देर रात करीब 1 बजे संपन्न हुई, जिसके बाद प्रधान एवं उपप्रधान पद के अंतिम परिणाम घोषित किए गए। पंचायत में चुनाव परिणाम आने के बाद समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। सहायक निर्वाचन अधिकारी महेंद्र पाल कौंडल ने बताया कि प्रधान पद के लिए हुए चुनाव में श्याम सिंह चौधरी ने शानदार जीत दर्ज करते हुए अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी जय चंद चंदेल को 272 मतों से पराजित किया। श्याम सिंह चौधरी को 853 वोट प्राप्त हुए, जबकि जय चंद चंदेल को 581, जगदीश ठाकुर को 257 तथा अनिल गुप्ता को 84 वोट मिले। नोटा में 10 वोट पड़े, जबकि 51 वोट रद्द पाए गए। कुल 1836 मत डाले गए। वहीं उपप्रधान पद के चुनाव में हेमराज गौतम (छोटू) विजयी घोषित हुए। हेमराज गौतम (छोटू) को 612 वोट प्राप्त हुए, जबकि नरेश ठाकुर को 537, धर्मपाल को 322, जगदीश चंद को 207 तथा जगदीश को 94 वोट मिले। उपप्रधान पद पर नोटा में 9 वोट पड़े तथा 55 वोट रद्द पाए गए। हेमराज (छोटू) ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी नरेश कुमार को 75 वोटों से हराया। इसके अलावा वार्ड स्तर पर भी कई परिणाम सामने आए। दाड़ला-10 स्यार वार्ड से तिलक गौतम ने 229 वोट प्राप्त कर रमेश चंदेल को पराजित किया। वहीं दाड़ला-4 वार्ड से कर्मचंद ने 68 वोट लेकर जीत दर्ज की, जबकि हेमलता को 42 वोट मिले तथा 2 वोट रद्द पाए गए। नवनिर्वाचित प्रधान श्याम सिंह चौधरी ने पंचायत की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह जीत पंचायत के हर गांव, हर परिवार और हर मतदाता की जीत है। उन्होंने पंचायत के बुजुर्गों, माताओं, बहनों, भाइयों, युवा साथियों एवं सभी मतदाताओं का धन्यवाद करते हुए कहा कि चुनाव के दौरान युवा साथियों ने दिन-रात मेहनत कर इस जीत को संभव बनाया। उन्होंने कहा कि पंचायत में बिना किसी भेदभाव के सभी वार्डों का समान विकास सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि दाड़ला, स्यार, दयोठी, जावी, ताउनी, काकड़ा, कोटला नुम्हाल, कोटला पुजारिया, उपरली नौणी, निचली नौणी, गवाह, मझेड़ तथा धोबटन सहित पूरी पंचायत की जनता के सहयोग और विश्वास से यह जीत संभव हो पाई है। पूर्व उपप्रधान दाड़लाघाट राजेश गुप्ता ने ग्राम पंचायत दाड़लाघाट से प्रधान पद पर विजयी हुए श्याम सिंह चौधरी को बधाई देते हुए पंचायत की समस्त जनता, युवा साथियों एवं मतदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह जीत पूरे पंचायत क्षेत्र के विश्वास और समर्थन की जीत है। उन्होंने आशा जताई कि नवनिर्वाचित प्रधान पंचायत के सभी वार्डों का बिना भेदभाव समान विकास सुनिश्चित करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *