दाड़लाघाट:- पीएम श्री राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय चंडी (अर्की) में विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान एंटी ड्रग कमेटी की नोडल अधिकारी एवं जीवविज्ञान प्रवक्ता नीलम शुक्ला ने विद्यार्थियों को तंबाकू एवं धूम्रपान से होने वाले दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि तंबाकू सेवन से मुंह, गले और फेफड़ों का कैंसर, हृदय रोग सहित कई गंभीर बीमारियां हो सकती हैं। इस अवसर पर विद्यालय की छात्रा करिश्मा ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने का आह्वान किया। कार्यक्रम के तहत पेंटिंग एवं स्लोगन लेखन प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया। पेंटिंग प्रतियोगिता में खुशबू (भगत सिंह हाउस) ने प्रथम, लक्ष्य (महात्मा गांधी हाउस) ने द्वितीय तथा सूरज (कल्पना चावला हाउस) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं स्लोगन लेखन प्रतियोगिता में गीतांजलि (भगत सिंह हाउस) प्रथम, सानिया शर्मा (महात्मा गांधी हाउस) द्वितीय तथा प्रियंका शर्मा (कल्पना चावला हाउस) तृतीय स्थान पर रहीं। विद्यालय के प्रधानाचार्य लच्छी राम ठाकुर ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए तंबाकू और धूम्रपान से हमेशा दूर रहना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं जागरूक बनने और दूसरों को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का आग्रह किया। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकगण शांता, अमिता कौशल, सरला, हेमलता, तनुजा, मोहिंद्रा, नीलम शुक्ला, नीलम ठाकुर, अर्चना, गीता राम एवं हेमराज सहित अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।






