Home » Uncategorized » न्यायालय से घोषित भगोड़ा यु पी से गिरफ्तार

न्यायालय से घोषित भगोड़ा यु पी से गिरफ्तार

Share:

दाड़लाघाट। पुलिस थाना दाड़लाघाट की पीओ (प्रोक्लेम्ड ऑफेंडर) सेल ने वर्ष 2016 के सड़क दुर्घटना मामले में लंबे समय से फरार चल रहे भगोड़े आरोपी को उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान 42 वर्षीय निवासी गांव माजरीकलां, डाकघर सरसावा, तहसील नकुड़, जिला सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। डीएसपी दाड़लाघाट नवीन झाल्टा ने बताया कि पुलिस थाना दाड़लाघाट में आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी वर्ष 2016 में दर्ज सड़क दुर्घटना के मामले में न्यायालय से घोषित भगोड़ा था। उन्होंने बताया कि 12 फरवरी 2016 को पुलिस थाना दाड़लाघाट में भारतीय दंड संहिता में मामला दर्ज किया गया था। आरोप था कि आरोपी ने कार को तेज रफ्तार एवं लापरवाही से चलाते हुए सड़क से करीब 200 फीट नीचे गिरा दिया था। जांच पूरी होने के बाद आरोपपत्र न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, लेकिन ट्रायल के दौरान बार-बार समन जारी होने के बावजूद आरोपी अदालत में उपस्थित नहीं हुआ। लगातार गैरहाजिर रहने पर माननीय न्यायालय ने 2 जून को उसे भगोड़ा अपराधी घोषित कर दिया। इसके बाद दाड़लाघाट पुलिस की पीओ सेल लगातार उसकी तलाश में जुटी रही। गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी बार-बार अपने ठिकाने

बदल रहा था, लेकिन गुप्त सूचना एवं सतत निगरानी के आधार पर पुलिस टीम ने 3 अगस्त को उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले से उसे गिरफ्तार कर लिया। डीएसपी नवीन झाल्टा ने बताया कि आरोपी को 4 अगस्त को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *